हत्या के आरोपी बादल ने अपनी पत्नी और दो बेटियों को 29 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल भेज दिया था। बादल और विपिन 6 साल पुराने दोस्त थे। दोनों ही गार्डन ऑफ फाइव सेंसेज में जॉब करते थे। बादल रेस्तरां में शेफ और विपिन बार टेंडर के तौर पर काम करते थे। माना जा रहा है कि योजना के तहत बादल 9 अक्टूबर को विपिन के फ्लैट पर गया। वहां दिन में दोनों ने शराब पी। इसके बाद शाम को वह विपिन को अपने फ्लैट पर ले गया। दोनों ने फिर शराब पी। इसके बाद 9 अक्टूबर की देर रात बादल ने विपिन का मर्डर कर दिया।
शव को ठिकाने लगाने के लिए बादल ने पहले से ही तीन काली पॉलिथीन का इंतजाम किया था। उसने मीट काटने वाले चॉपर से विपिन के शव के तीन टुकड़े किए। इन्हें पॉलिथीन में पैक किया और अपने घर के फ्रिज के अंदर रख दिया। इसके अगले दिन यानी 10 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे बादल अपने फ्लैट को छोड़कर कहीं चला गया। जांच में पता चला कि मंगलवार की शाम 4 बजे के बाद उसे अंतिम बार अपने फ्लैट से उतरकर कहीं जाते हुए देखा गया था। उस दिन के बाद से वह फ्लैट में नहीं आया। उसका फोन भी बंद है।
विपिन के भाई से उसकी बुधवार और गुरुवार को दो बार बातें हुई थीं। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। पुलिस को उसकी अंतिम लोकेशन गया के बाद पुरुलिया की मिली है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम पश्चिम बंगाल भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि उनके पास आरोपी बादल के बारे में तमाम जानकारियां हैं। उम्मीद है कि वह जल्द उनकी गिरफ्त में होगा। उसका फोटो भी उनके पास है। उसका पुलिस वेरिफिकेशन हुआ था। वह 6 साल से रेस्तरां में काम कर रहा था।
15 दिन पहले ही फ्लैट में रहने आया था बादल
सैदुल्लाजाब इलाके की एक बिल्डिंग में आरोपी बादल फ्लैट नंबर-5 में रहता था। बिल्डिंग के गार्ड ने बताया कि उसने विपिन और बादल को सोमवार रात करीब 11:30 बजे एकसाथ देखा था। उनके हाथों में पॉलिथीन थी। देखने से लग रहा था कि उनमें कुछ खाने-पीने का सामान है। गार्ड ने बताया कि उस वक्त बादल सामान्य लग रहा था। उसने बताया कि इस बिल्डिंग में वह 15 दिन पहले ही रहने आया था। उसी ने विपिन के शव के तीन टुकड़ों को फ्लैट से पुलिस की गाड़ी में रखा था। फ्रिज में रखे होने की वजह से शव के टुकड़े कुछ-कुछ जम चुके थे। उनसे बहुत बदबू नहीं आ रही थी।
गार्ड का कहना है कि वह हर रोज बादल के फ्लैट के आगे सीढ़ियों पर भी साफ-सफाई करता था। उसे तेज बदबू नहीं आई थी। हालांकि, शनिवार को अचानक बदबू तेज होने लगी थी। इसके बाद शाम को इस मामले का पता लगा था। विपिन के शव से सिर, धड़ और दोनों पैरों को अलग-अलग कर दिया गया था। इन तीनों टुकड़ों को उसने तीन अलग-अलग काले रंग की बड़ी-बड़ी पॉलिथीन में पैक किया और फ्रिज में रख दिया।
इसके लिए उसने फ्रिज के अंदर के दो रैक निकाले। विपिन के सिर को फ्रिज के सबसे नीचे वाली बास्केट में रखा और दो टुकड़ों को बास्केट के ऊपर। बादल के फ्लैट की तहकीकात करने से पता लगा कि फ्रिज अब भी ऑन है और पुलिस ने इसे खोलकर कर रखा है। फ्रिज के अंदर दो जगह खून बिखरा पड़ा था और फ्रिज के ठीक नीचे भी खून था। फ्रिज में पानी और सोडे की कुछ बोतलों के अलावा दो अंडे और दूसरे कुछ सामान रखे हुए थे। घर से रविवार को भी तेज बदबू आ रही थी। इलाके के लोगों का कहना है कि उन्हें इस मामले का पता पुलिस के आने पर ही चला।पुलिस के सामने दो सबसे बड़ी चुनौती आरोपी को पकड़ना और विपिन की हत्या का राज खोलना है। विपिन के परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से रंजिश नहीं थी और न ही कोई प्रॉपर्टी विवाद। बादल से भी उनकी अच्छी दोस्ती थी। पुलिस इसे बादल के परिवार से जोड़कर देख रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal