24 मई से गर्मी से राहत मिलने वाली है मौसम विभाग ने दी जानकारी…

देश के अधिकतर राज्यों में लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। हालांकि, अब लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने बताया कि 24 मई से गर्मी से राहत मिलने वाली है। साथ ही मौसम विभाग ने देश के कुछ राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि आज और कल यानी 22 मई के बीच कई राज्यों में हीटवेव का कहर देखने को मिल सकता है।

आज और कल बनी रहेगी हीटवेव की स्थिति

IMD ने कहा कि दक्षिण उत्तर प्रदेश में 22 मई तक हीटवेव की स्थिति रहेगी। साथ ही पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज लोगों को हीटवेव का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ और झारखंड के लोगों को 21 से 23 मई के बीच भीषण गर्मी की मार झेलने पड़ सकती है।

24 मई से देशवासियों को मिलेगी गर्मी से राहत

हालांकि, मौसम विभाग ने बताया कि 24 मई से देशवासियों को गर्मी से राहत मिल सकती है। IMD ने कहा कि अगले पांच दिनों तक कई राज्यों में तेज हवाएं चलेंगी। चक्रवाती दबाव के चलते कई राज्यों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 मई के बाद पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय के ऊपर दस्तक दे सकता है। इसके कारण दिल्ली, पश्चिमी यूपी, पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिम राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में गरज के साथ बारिश हो सकती है।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में अभी तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने बताया कि तापमान के साथ गर्मी बढ़ सकती है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आज (रविवार) आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान 25 से 35 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है। सोमवार और मंगलवार को तापमान 41 डिग्री रहने की संभावना है, लेकिन मंगलवार रात को कुछ इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है। इसके बाद तीन दिन तक हल्की वर्षा हो सकती है। ऐसे में तापमान में गिरावट हो सकती है।

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम

उत्तराखंड में आने वाले तीन दिन बाद एक बार फिर मौसम करवट बदल सकता है। मौसम विभाग ने 24 मई को प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि की संभावना जताई है। IMD ने कहा कि इस दौरान मैदानी इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com