मैनपुरी शहर कोतवाली क्षेत्र की महिला ने खुद के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला ने सीजेएम कोर्ट में बरनाहल थाने में केस दर्ज कराने के लिए पुलिस को आदेशित करने को अर्जी दी। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अर्जी स्वीकार कर पुलिस को केस दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं।
सहेली के घर रुक गई थी पीड़िता
पीड़ित ने बताया कि उसकी आयु 34 वर्ष है। 19 जनवरी को वह सहेली के गांव गई थी। ज्यादा रात होने के कारण वहां रुक गई। रात करीब 11:30 बजे सहेली का जेठ और एक अन्य आरोपी आ गए। सहेली ने दोनों से संबंध बनाने को कहा। विरोध के बाद आरोपियों ने दुष्कर्म किया। इसके बाद सहेली का भाई भी आ गया और उसने भी दुष्कर्म किया।
पिटाई करने के बाद कमरे में कैद कर रखा
पिटाई करने के बाद अगले दिन तक बंद करके रखा। किसी प्रकार वहां से भागकर घर आई और मामले की जानकारी पति को दी। पति के साथ मेडिकल कराया। बरनाहल थाने जाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। इस पर कोर्ट की शरण लेते हुए अर्जी दाखिल की। कोर्ट ने पुलिस को केस दर्ज कर जांच का आदेश पारित किया है।