लॉडेरहिल (फ्लोरिडा)। केएल राहुल के शानदार शतक (110 नाबाद) पर ड्वेन ब्रावो ने पानी फेरते हुए वेस्टइंडीज को पहले टी-20 मैच में भारत पर अविस्मरणीय जीत दिलाई। इविन लुईस (100) और जॉनसन चार्ल्स (79) की उम्दा पारियों से वेस्टइंडीज ने 6 विकेट पर 245 रन बनाए। जवाब में भारत को अंतिम अोवर में जीत के लिए 8 रन चाहिए थे, लेकिन ब्रावो ने मात्र 6 रन ही बनाने दिए और वेस्टइंडीज ने यह मुकाबला 1 रन से जीत लिया। वेस्टइंडीज ने इसी के साथ दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
ब्रावो के बदौलत भारत १ रन से हारा
भारत 19 ओवरों में 3 विकेट पर 238 रन बना चुका था और उसे जीत के लिए अंतिम ओवर में मात्र 8 रन चाहिए थे। शतकवीर राहुल और लय में दिख रहे धोनी क्रीज पर थे। इसके चलते भारत की जीत तय लग रही थी, लेकिन अनुभवी ड्वेन ब्रावो ने घातक गेंदबाजी की। उन्होंने पांच गेंदों में 6 रन दिए। अंतिम गेंद पर भारत को जीत के लिए दो रन चाहिए थे, लेकिन ब्रावो ने उन्हें शॉर्ट थर्डमैन पर सैमुअल्स के हाथों झिलवाकर टीम को यादगार जीत दिलाई। धोनी 43 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 8.1 अोवर में 107 रनों की भागीदारी की। राहुल 51 गेंदों में 12 चौकों व 5 छक्कों की मदद से 110 रन बनाकर नाबाद रहे।
विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए अजिंक्य रहाणे 7 रन बनाने के बाद आंद्रे रसेल की गेंद पर ड्वेन ब्रावो द्वारा खूबसूरती से लपके गए। विराट कोहली 16 रन बनाने के बाद ड्वेन ब्रावो की गेंद पर विकेटकीपर फ्लेचर द्वारा लपके गए। रोहित ने पोलार्ड की गेंद पर छक्का लगाते हुए अर्द्धशतक पूरा किया। उन्होंने 22 गेदों में यह उपलब्धि हासिल की। राहुल ने पोलार्ड की गेंद पर चौका लगाकर 26 गेंदों में अर्द्धशतक पूरा किया। पोलार्ड ने रोहित को डीप मिडविकेट पर चार्ल्स के हाथों झिलवाया। रोहित ने 26 गेंदों में 4 चौकों व 4 छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। इसके बाद राहुल को धोनी का साथ मिला और दोनों ने टीम को जीत दिलाई। राहुल ने रसेल की गेंद पर छक्का लगाते हुए 46 गेंद में शतक पूरा किया। यह अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज शतक है। सबसे तेज शतक द. अफ्रीका के रिचर्ड लेवी (45 गेंद) के नाम पर दर्ज है।
इससे पहले वेस्टइंडीज ने टी-20 क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर है। लुईस ने 48 गेंदों में शतक बनाया, जो अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट का छठा तेज शतक है। भारतीय कप्तान महेंद्रसिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। चार्ल्स और इविन लुईस ने वेस्टइंडीज को तूफानी शुरुआत दिलाई। चार्ल्स ने रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर छक्का लगाकर अर्द्धशतक पूरा किया। उन्होंने 20 गेंदों में 5 चौकों व 4 छक्कों की मदद से फिफ्टी पूरी की। चार्ल्स की तूफानी पारी का अंत शमी ने उन्हें बोल्ड कर किया। चार्ल्स ने 33 गेंदों में 6 चौकों व 7 छक्कों की मदद से 79 रन बनाए। उन्होंने इविन लुईस के साथ पहले विकेट के लिए 9.3 अोवरों में 126 रन जोड़े। चार्ल्स के आउट होने के बाद लुईस ने शमी की गेंद पर चौका लगाते हुए अर्द्धशतक पूरा किया। लुईस ने स्टुअर्ट बिन्नी द्वारा डाले गए पारी के 11वें अोवर में छक्कों की बारिश कर दी। उन्होंने इस अोवर में पांच छक्के लगाए, वे अंतिम गेंद पर छक्का नहीं लगा पाए। अपना दूसरा टी-20 मैच खेल रहे लुईस ने पारी के 16वें अोवर में जडेजा की गेंद पर एक रन लेते हुए शतक पूरा किया। उन्होंने 48 गेंदों में 5 चौकों और 9 छक्कों की मदद से पहला टी-20 शतक बनाया। जडेजा ने आंद्रे रसेल (22) को एलबीडब्ल्यू किया। जडेजा ने दो गेंदों बाद लुईस की शतकीय पारी का अंत किया। लुईस 100 रन बनाकर कवर्स पर अश्विन को कैच थमा बैठे।
जसप्रीत बुमराह द्वारा डाले गए पारी के अंतिम अोवर में तीन विकेट गिरे। कप्तान कार्लोस ब्रैथवेट (14) नोबॉल पर रन आउट हुए। बुमराह ने किरोन पोलार्ड (22) और लेंडल सिमंस (0) को लगातार गेंदों पर बोल्ड किया। मार्लोन सैमुअल्स और ड्वेन ब्रावो 1-1 रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज ने 245 रन बनाए, जो टी-20 क्रिकेट में उसका सर्वाधिक स्कोर है। इससे पहले उसने द. अफ्रीका के खिलाफ पिछले वर्ष जनवरी में जोहानसबर्ग में 6 विकेट पर 236 रन बनाए थे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
