उत्तर प्रदेश का मौसम अब धीरे-धीरे बदल रहा है। पूर्वी दिशा और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवा और ऊंचे बादलों के कारण कई शहरों में रात का तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा बना हुआ है, जबकि दिन का तापमान मामूली घटा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई शहरों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
कहां-कहां गिरेगा पारा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगरा, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, मथुरा और काशी सहित कई जिलों में तापमान धीरे-धीरे नीचे आएगा। ऊंचे बादलों के आने से रात का तापमान कुछ हद तक बढ़ा हुआ रहेगा, लेकिन रविवार के बाद फिर गिरावट शुरू हो सकती है।
कानपुर का हाल
कानपुर में सीएसए मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में नमी का अधिकतम प्रतिशत 95% और न्यूनतम प्रतिशत 48% रहा। उत्तर-पूर्व दिशा से हवा की गति 1.1 से 1.7 किमी प्रति घंटा रही। पिछले दिन शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री था।
धुंध का असर
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा और ऊंचे बादलों के कारण सुबह और शाम को धुंध बढ़ रही है। उनका कहना है कि अब धीरे-धीरे रात का तापमान कम होगा और दिन का तापमान भी सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है।!
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal