उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को दिनभर तेज हवाएं चलीं और रात के तापमान में गिरावट देखी गई। लेकिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहे। मौसम विभाग के मुताबिक, एक बार फिर मौसम में बदलाव आएगा। विभाग ने कई जिलों में बारिश होने का अनुमान जताया है। आज यानी शनिवार को धूप निकलने का अनुमान जताया गया है।
तेज हवाओं से तापमान में उतार-चढ़ाव
इन दिनों राज्य में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है, तेज हवाओं और धूप निकलने से तापमान भी ऊपर-नीचे हो रहा है। जिस वजह से इन दिनों लोगों को सर्दी और गर्मी दोनों का एहसास हो रहा है। शुक्रवार को भी दिनभर हवाएं चलती रहीं, जिनकी गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, कई जिलों में तापमान में वृद्धि भी हुई है। सामान्य तापमान से अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस था। विभाग के मुताबिक, शनिवार से तापमान में वृद्धि की संभावना है।
जल्द आएगी सर्दी की विदाई
मौसम में बदलाव को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि जल्द ही उत्तर प्रदेश से सर्दियों का प्रस्थान हो जाएगा। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम विभाग ने बारिश का अनुमान जताया है। वहीं, 15 फरवरी से 19 फरवरी तक यूपी में मौसम साफ रहेगा। तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट तो आई है, लेकिन अब गर्मी का मौसम जल्द ही शुरू होने की संभावना है।
इस दिन होगी बारिश
मौसम विभाग ने 20 फरवरी को यूपी में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। इस अवधि में सुबह के समय छिछला कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal