बंगलूरू में एक रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि ‘भारत दुनिया का ताकतवर देश बन गया है, अगर भारत कमजोर होता तो डोकलाम विवाद कभी भी नहीं सुलझता। बीते कुछ समय में दुनिया में भारत की छवि में बदलाव हुआ है।’
बता दें कि डोकलाम को लेकर चीन और भारत के बीच एकबार फिर विवाद गहराता जा रहा है। चीन इस मुद्दे पर फिर से अपना अड़ियल रवैया दिखाने की फिराक में है इसलिए उसने डोकलाम सीमा पर चीनी सैनिकों को तैनात कर दिया है। चीन ने सीमा से दस किलोमीटर दूर सड़क निर्माण फिर शुरू कर दिया है।
पिछली बार इस मुद्दे पर दोनों देशों के सैनिक 78 दिनों तक आमने-सामने थे। भारत ने डोकलाम पर चीन के सामने आपत्ति दर्ज की जिसके बाद यह मामला शांत हुआ। मामले के फिर तूल पकड़ने के बाद दोनों देशों की सेनाएं हाई ऑपरेशनल अलर्ट पर हैं।
चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि चीन और भारत एक-दूसरे के लिए बहुत महत्वपूर्ण पड़ोसी हैं। वे सबसे बड़े विकासशील राष्ट्र और उभरते बाजार हैं। मंत्रालय ने कहा, ‘चीन-भारत के बीच अच्छा और स्थिर संबंध दोनों देशों के लोगों के हित में है। क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भी यही उम्मीद है।’
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal