भारत की नई संसद में बने भित्ति चित्र पर आपत्ति उठाने वाले देशों में बांग्लादेश भी शामिल हो गया है। इस संबंध में बांग्लादेश अब भारत सरकार से ‘सफाई’ मांगने की भी तैयारी कर रहा है। इससे पहले पाकिस्तान और नेपाल भी चित्र पर सवाल उठा चुके हैं। नेपाल ने ‘अखंड भारत’ दिखाते चित्र को लेकर पड़ोसी देशों में विवाद होने की चेतावनी भी दी थी।

सोमवार को ढाका में विदेश राज्य मंत्री शहरयार आलम ने कहा कि भित्ति चित्र का ‘राजनीति से कोई लेनादेना नहीं है।’ साथ ही उन्होंने नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग से भारतीय विदेश मंत्रालय से बात करने और ‘आधिकारिक स्पष्टिकरण’ लेने के लिए कहा है। इधर, भारत सरकार इसे चित्र को अशोक साम्राज्य से जुड़ा बता रही है। बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आलम ने कहा, ‘इसपर संदेह का कोई कारण नहीं है। हालांकि, हमने चीजें स्पष्ट करने के लिए दिल्ली में मिशन से भारतीय विदेश मंत्रालय से बात करने के लिए कहा है, ताकि पता लग सके कि उनका आधिकारिक स्पष्टिकरण क्या है।’ फिलहाल, भारत और बांग्लादेश उच्चायोग की तरफ से इसे लेकर अब तक कुछ नहीं कहा गया है। हालांकि, जल्दी बांग्लादेश इस मुद्दे को भारतीय अधिकारियों के सामने उठा सकता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal