भाजपा ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है। सम्मेलनों में उपस्थिति के आधार पर निष्क्रिय बूथ अध्यक्षों की पहचान कर संगठनात्मक बदलाव किए जाएंगे।
समय से पहले चुनाव होने की सुगबुगाहट के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने बूथों को सक्रिय करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में हर बूथ अध्यक्ष के लिए स्थान निर्धारित होगा और उसके न पहुंचने पर स्थान रिक्त रखा जाएगा। इस कवायद के जरिये पार्टी निष्क्रिय अध्यक्षों को चिह्नित कर हटाने पर फैसला लेगी। इसके साथ ही पार्टी उनसे मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर कमजोर बूथों को मजबूत करने काम शुरू करेगी।
दरअसल, पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों की नई टीम घोषित कर ली है। इस बीच जनगणना, जिला पंचायत व प्रधान के चुनाव को लेकर सरकारी तंत्र पहले सही दबाव में है। ऐसे में सियासी हलकों में कहा जा रहा है कि भाजपा प्रदेश में विधानसभा चुनाव समय से पहले करा सकती है। इसी चर्चा के बीच अब भाजपा ने अपने जमीनी कार्यकर्ताओं की गतिविधियों की कदमताल तेज कर दी है।
पार्टी ने फिलहाल बूथ सम्मेलन प्रस्तावित किए हैं। इसके बाद कमजोर बूथों को लेकर भी काम करने की तैयारी चल रही है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मौजूदा समय में चुनाव की बात आधिकारिक रूप से तो नहीं कही जा रही लेकिन अगर अचानक चुनाव की घोषणा होती है तो पार्टी पहले से तैयार रहे। पार्टी के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि बूथ सम्मेलन का कार्यक्रम प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर कराया जा रहा है। आगे जो भी कार्यक्रम आएंगे, उनके अनुसार आगे के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal