बल्लेबाजों के संघर्ष के बीच चमके ध्रुव जुरैल तो गेंदबाजों ने भारत की उम्मीदों को रखा जिंदा

न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को टीम इंडिया मेजबान टीम से बेहतर स्थिति में नजर आई। इसका श्रेय ध्रुव जुरैल और भारतीय गेंदबाजों को जाता है। एक समय भारत का 200 रनों के पार जाना मुश्किल दिख रहा था, फिर जुरैल ने 88 रन बनाते हुए उसे 246 तक पहुंचाया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड को दबाव में ला दिया। हालांकि, दिन का खेल खत्म होने तक कीवी टीम के पास 243 रनों की बढ़त है। उसने पहली पारी में 356 रन बनाए थे और दूसरी पारी में 110 रनों की बढ़त के साथ उतरी थी। स्टम्प्स तक न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट खोकर 133 रन बना लिए हैं।  रचिन रवींद्र 46 और डेरिल मिचेल पांच रन बनाकर खेल रहे हैं।

जुरैल ने ली जिम्मेदारी

भारत ने दिन की शुरुआत छह विकेट के नुकसान पर 116 रनों के साथ की थी। जुरैल ने सात रनों से अपनी पारी को आगे बढ़ाया और पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ संघर्ष करते हुए टीम को मजबूती दी। हालांकि, भारत का सातवां विकेट भी जल्दी गिर गया था। भारत के खाते में एक रन ही जुड़ा था कि अंशुल कंबोज पवेलियन लौट गए। उन्हें मैट हेनरी ने पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद जुरैल और आकाशदीप ने विकेट पर पैर जमाए और एक साझेदारी की। आकाशदीप को इस दौरान हेलमेट पर दो बार गेंद भी लगी। आखिरकार 163 के कुल स्कोर पर नाथन स्मिथ ने उनकी पारी का अंत कर दिया। आकाश ने 52 गेंदों पर 29 रन बनाए। जुरैल को फिर गुरनूर बराड़ का साथ मिला। उन्होंने जुरैल के साथ मिलकर 64 रन जोड़े जिसमें से बराड़ का योगदान सिर्फ 10 रनों का रहा। बराड़ 46 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हो गए। जेमिसन ने जुरैल को शतक पूरा नहीं करने दिया और उन्हें आउट कर भारतीय पारी का अंत किया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 170 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 88 रन बनाए।

बुमराह ने खत्म किया सूखा

न्यूजीलैंड की टीम दूसरी पारी में 110 रनों की बढ़त के साथ उतरी थी। उसे मजबूत शुरुआत की उम्मीद थी। हालांकि, बुमराह ने कीवी कप्तान टॉम लैथम को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई और मेजबान टीम को अच्छी शुरुआत नहीं करने दी। यह बुमराह का इस मैच में पहला विकेट था। वह पहली पारी में विकेट नहीं ले पाए थे। लैथम के बाद बुमराह ने फिर हेनरी निकल्स को पवेलियन भेजा। लैथम आठ तो निकल्स 22 रन बनाकर आउट हो गए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com