हरियाणा की नायब सरकार का फाने (धान के अवशेष) जलाने पर रोक लगाने के लिए निस्तारण पर फोकस है। प्रबंधन को लेकर सरकार की ओर से किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद भी फाने जलाने की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। प्रदेशभर में अब तक पराली जलाने के 359 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें कैथल और जींद जिला हॉटस्पॉट बने हुए हैं। कैथल में सर्वाधिक 84 और जींद में 53 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
सरकार की ओर से पराली जलाने के मामलों में जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। 129 FIR दर्ज होने के अलावा 71 किसानों के भूमि रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है। रेड एंट्री होने पर संबंधित किसान की फसल की सरकारी खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर नहीं की जाती।
फाने जलाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई भी तेज की है। अब तक 8.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ 129 FIR दर्ज की गई हैं, जबकि 71 किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो फतेहाबाद में 34, करनाल में 25, रोहतक में 24 और कुरुक्षेत्र में 22 मामले सामने आए हैं। वहीं पलवल में 17 और अंबाला में 12 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
पराली प्रबंधन के लिए प्रोत्साहन और मशीनों पर सब्सिडी
सरकार की ओर से किसानों को पराली जलाने के बजाय फसल अवशेषों के प्रबंधन के लिए आर्थिक सहायता और कृषि मशीनों पर अनुदान दिया जा रहा है। चालू वित्त वर्ष में फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों के बेहतर इस्तेमाल पर किसानों को 1200 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन देने का प्रावधान किया गया है।
फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत किसानों को सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, मल्चर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर और जीरो टिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल जैसी मशीनें खरीदने पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी है।
निगरानी के लिए पराली सुरक्षा बल और ड्रोन का सहारा
पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने जिला और खंड स्तर पर पराली सुरक्षा बल गठित करने, ड्रोन से निगरानी और देर शाम व रात के समय गश्त बढ़ाने की योजना बनाई है। इसके तहत कृषि विभाग, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे हैं।
प्रदेश में पराली जलाने के मामलों के पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2020 में 3384, वर्ष 2021 में 6464, वर्ष 2022 में 3491 और वर्ष 2023 में 2123 मामले दर्ज किए गए थे। वर्ष 2024 में इनकी संख्या घटकर 1183 और वर्ष 2025 में 592 रह गई।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal