बरेली: जीरो प्वाइंट चौराहे पर होगा एलीवेटेड रोड और फ्लाईओवर का निर्माण

बरेली में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में मंगलवार को मंडलायुक्त शंभु कुमार ने औद्योगिक विकास के कई प्रस्तावों पर चर्चा की। बहेड़ी के संत कबीर टेक्सटाइल एपरल पार्क में निवेश के लिए 25 उद्यमियों के आवेदन की जानकारी मिली। जीरो प्वॉइंट चौराहा पर एलीवेटेड रोड और फ्लाईओवर निर्माण शुरू करने पर सहमति जताई।

हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग के सहायक आयुक्त ने बताया कि संत कबीर टेक्सटाइल पार्क के लिए 79.80 एकड़ जमीन का हस्तांतरण उद्योग विभाग के पक्ष में हो चुकी है। यहां उद्योग स्थापना पर उद्यमियों को योजना के तहत मशीनरी समेत अन्य सुविधाओं पर 25 फीसदी सब्सिडी, ब्याज पर 60 फीसदी की प्रतिपूर्ति सात वर्ष तक मिलने का प्रावधान है। भूमि लागत पर 25 फीसदी सब्सिडी, स्टांप ड्यूटी से छूट मिलेगी। दूसरी ओर, जीरो प्वॉइंट चौराहे पर औद्योगिकीकरण और यातायात के दबाव को देखते हुए एलीवेटेड रोड, फ्लाईओवर निर्माण प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी।

मुरादाबाद एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण की निविदा 11 अगस्त को खुल चुकी है। हादसों में कमी के लिए साइनेज बोर्ड, गति अवरोधक बोर्ड, गो स्लो बोर्ड, हैजार्ड बोर्ड, सेफरॉन बोर्ड, सोलर ब्लिंकर, रोड मार्किंग जैसे सुधार कार्य भी किए गए हैं।

एफसीआई गोदाम मार्ग लॉजिस्टिक में प्रस्तावित, बनेगी नाली
मथुरापुर होकर एफसीआई गोदाम मार्ग को वित्त वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में लॉजिस्टिक के लिए प्रस्तावित है। ड्रेनेज के लिए नाली बनेगी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्ताव भेजा है, स्वीकृति का इंतजार है। यहां नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, डीएफओ दीक्षा भंडारी, एडीएमएफआर संतोष कुमार सिंह, संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान, आरएम यूपीसीडा मंसूर कटियार अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

चीनी मांझा की बिक्री बंद हो, अतिक्रमण पर हो सख्त कार्रवाई
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को मंडलायुक्त शंभू कुमार से मिलकर समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना और जिलाध्यक्ष देवेंद्र जोशी के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने शहर में कानून-व्यवस्था, यातायात सुगमता और त्योहारों के दौरान सुरक्षा को लेकर पांच प्रमुख मुद्दे उठाए। कहा कि प्रतिबंधित चीनी मांझे के इस्तेमाल से पूर्व में कई बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। 

रक्षाबंधन के त्योहार से पहले चीनी मांझे की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। मुख्य मार्गों पर बनाए गए चौड़े प्लांटर्स के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं। सड़कों पर गाड़ियां पार्क होने से जाम की समस्या और बढ़ जाती है। महादेव पुल के नीचे व्याप्त अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों के साथ ही अन्य समस्याओं का समाधान जल्द करने की मांग उठाई गई।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com