बरेली कॉलेज में जनसभा और सर्किट हाउस में मंडलीय समीक्षा करेंगे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 20 जून के आसपास बरेली जिले के दौरे पर आ सकते हैं। अब तक प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री पहले सर्किट हाउस में बरेली मंडल की समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद बरेली कॉलेज में जनसभा को संबोधित करेंगे। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), उत्तर प्रदेश सेतु निगम, नगर निगम, जल निगम की कई बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय तिथि से दो दिन पहले आ सकता है। ऐसे में अधिकारी भी तैयारियों को परखने में लगे हैं। शासन से लगातार दिशा निर्देश भी दिए जा रहे हैं। पिछले दिनों हुई बैठक में बरेली कॉलेज को जनसभा के लिए सबसे उपयुक्त माना गया था। यहां की क्षमता भी 25 हजार से ज्यादा की है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री तीन-चार बार यहां जनसभा कर चुके हैं।

अब तक प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री मानसिक रोग अस्पताल के सामने स्थित बरेली कॉलेज के गेट से प्रवेश कर जनसभा स्थल तक पहुंचेंगे। इस गेट को प्राथमिकता देने के पीछे यहां की चौड़ी सड़क और एयरपोर्ट तक का सुगम यातायात है।

वीआईपी प्रवेश इसी गेट से होंगे। जनसभा में आने वाले लोगों को पीछे वाले गेट से प्रवेश दिया जाएगा। जनसभा में लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया जा सकता है। जनसभा से पहले सीएम सर्किट हाउस में बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।

पंडित राधेश्याम की मूर्ति का कर सकते हैं अनावरण
राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नवनिर्मित ऑडिटोरियम अब पंडित राधेश्याम स्मृति भवन के नाम से जाना जाएगा। खड़ी बोली में राधेश्याम रामायण की रचना करने वाले और अपनी विशेष लोक नाट्य शैली के लिए दुनियाभर में विख्यात पंडित राधेश्याम कथावाचक की यादों को सहेजने के लिए यह निर्णय जिला प्रशासन की ओर से लिया गया है।

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि वह यहां पंडित राधेश्याम की प्रतिमा का अनावरण भी कर सकते हैं। पंडित राधेश्याम की पौत्री शारदा भार्गव ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर परिवार के लोगों को उम्मीद है कि उनके हाथों ही इस प्रतिमा का अनावरण होगा। नवंबर में वह लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिली थीं। तब मुख्यमंत्री ने बरेली आने पर प्रतिमा के अनावरण की बात कही थी।

परिजनों के मुताबिक, जिला पंचायत में बने राधेश्याम भवन के एक कमरे को विशेष संग्रहालय का रूप दिया जाएगा, जिसका नाम राधेश्याम संग्रहालय होगा। इसमें आम जनता और साहित्य प्रेमियों के लिए उनकी तमाम यादें संजोकर रखी जाएंगी। इसमें उनका प्रिय हारमोनियम भी शामिल रहेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com