बरेली के जाट रेजिमेंट सेंटर में 14 से 30 सितंबर तक आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली में सोमवार से अभ्यर्थी दमखम दिखाएंगे। पहले दिन टेक्निकल ट्रेड में बरेली, बदायूं, हरदोई, संभल, फर्रुखाबाद के अभ्यर्थी दौड़ लगाएंगे। दूसरे जिलों से आए अभ्यर्थी देर रात जाट गेट पहुंचने लगे।
सेना भर्ती मुख्यालय के मुताबिक, 14 से 30 सितंबर तक अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी), टेक्निकल और ट्रेड्समैन (आठवीं और दसवीं पास) पदों के लिए भर्ती होगी। भर्ती में हरदोई, पीलीभीत, सीतापुर, बरेली, बहराइच, बलरामपुर, बदायूं, फर्रुखाबाद, लखीमपुर खीरी, संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती जिलों के युवा प्रतिभाग करेंगे।
भर्ती में वहीं अभ्यर्थी भाग लेंगे, जिन्होंने एक से 12 जून तक आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेस परीक्षा उत्तीर्ण की है। अभ्यर्थियों को सुबह चार बजे से रैली में शामिल होने के लिए बुलाया है। एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से रैली के लिए जरूरी व्यवस्थाएं कराई जा चुकी हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal