फ्रांस से अप्रैल 2022 तक भारत को पूरे राफेल मिल जाएंगे : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को बताया कि अब तक 11 राफेल विमान भारत आ चुके हैं और मार्च तक 17 और ऐसे विमान भारत को मिल जाएंगे। 

यह जानकारी राज्यसभा को रक्षा मंत्री ने प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न के उत्तर में दी। उन्होंने बताया, ‘‘अब तक 11 राफेल विमान भारत आ चुके हैं तथा मार्च तक 17 और ऐसे विमान भारत को मिल जाएंगे। अप्रैल 2022 तक भारत को पूरे राफेल मिल जाएंगे।’’

बता दें, राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी के एक सांसद महेश पोद्दार ने सवाल किया था कि भारत में अब तक कितने राफेल आ चुके हैं और कितने आने बाकी हैं और ये सब जंग के लिए कब तक तैयार होंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यह भी कहा, ‘‘फ्रांस से राफेल को भारत को सुपुर्द किए जाने के बाद उन्हें वायु सेना में शामिल करने के लिए राष्ट्रीय महत्व का आयोजन किया गया था। पहले भी खरीदे गए विमानों को वायु सेना में शामिला करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम हुए हैं लेकिन इस बार यह कार्यक्रम बड़ा था क्योंकि द्विपक्षीय वार्ता भी हुई थी। फ्रांसीसी पक्ष का नेतृत्व वहां के रक्षा मंत्री ने और भारतीय पक्ष का नेतृत्व मैंने किया था।’’

एक अन्य पूरक प्रश्न के उत्तर में रक्षा मंत्री ने सदन को बताया कि 101 सामग्रियां चिह्नित की गई हैं जिन्हें दूसरे देशों से आयात नहीं किया जाएगा बल्कि स्वदेश में ही इनका निर्माण करने का फैसला किया गया है। राजनाथ सिंह ने यह भी बताया कि सरकार स्वदेशीकरण पर पूरी तरह से जोर दे रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com