अगले कुछ दिनों तक मौसम की हलचल के केंद्र में पूर्वी उत्तर प्रदेश रहेगा। मौसम विभाग द्वारा जताए गए पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार और गुरुवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं। आंचलिक मौसम केंद्र के प्रभारी के मुताबिक, मौसम में होने वाला यह बदलाव सामान्य ही रहेगा। इस दौरान कुछ अप्रत्याशित होने की संभावना नहीं है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम इस दौरान सामान्य रहेगा। 
सोमवार को पूरे उत्तर प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर रही। वाराणसी में 24 घंटे में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ऊपर पछुआ व नीचे पुरवा के काकटेल ने भीषण गर्मी बढ़ाई है। इसके बाद बारिश की भी संभावना बन रही है। इलाहाबाद में अधिकतम पारा 43.6 और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
हमीरपुर में पारा 46.02 डिग्री
मध्य उत्तर प्रदेश व बुंदेलखंड में भी भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। राहगीरों के साथ पशु-पक्षी भी बेहाल हो उठे। बुंदेलखंड के हमीरपुर में 46.02, जालौन में 46 व महोबा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देर शाम तक गर्म हवाएं लोगों को परेशान किए रहीं। उन्नाव में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal