छतरपुर: सामूहिक विवाह में शामिल हुए सीएम यादव, 75 नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद

लवकुशनगर के सिजई स्थित स्वामी परमानंद आश्रम में 75 जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सामूहिक विवाह कराया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और सत्संग हॉल के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए तक देने की घोषणा की।

जिले के लवकुशनगर में सिजई स्थित स्वामी परमानंद आश्रम में 21 नवंबर को 75 गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सामूहिक विवाह सम्मेलन धूमधाम से संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सभी बेटियों का विवाह कराया गया। इस अवसर पर स्वामी परमानंद जी महाराज, साध्वी ऋतम्भरा दीदी सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर करीब एक बजे सिजई पहुंचे। हेलीपैड पर मंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक अरविंद पटेरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कार से आश्रम पहुंचे और स्वामी परमानंद जी महाराज का आशीर्वाद लिया। तत्पश्चात वे स्थानीय कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री बोले- सामूहिक विवाह समाज को एकता का संदेश देते हैं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जब से प्रदेश में हमारी सरकार बनी है, तभी से जनकल्याण और विकास के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। मध्यप्रदेश भगवान राम और कृष्ण की धरती है। भगवान राम और कृष्ण से जुड़े प्रत्येक स्थान को तीर्थ के रूप में विकसित करने के लिए सरकार पहले दिन से काम कर रही है। उन्होंने उज्जैन के महाकाल मंदिर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के बाद जैसा आनंद है, वैसा ही आनंद चंदला विधानसभा क्षेत्र में इस आयोजन को देखकर हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज को कई संदेश देते हैं। समाज में छुआछूत, जातिवाद, गरीबी-अमीरी सहित अनेक प्रकार के भेदभाव हैं, लेकिन सामूहिक विवाह इन सभी भेदभावों को मिटाने का संदेश देते हैं। उन्होंने अपने परिवार का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका बेटा एमएस सर्जन और बेटी भी सर्जन है, इसके बावजूद उन्होंने अपने बेटे-बेटी का विवाह भी सामूहिक विवाह के माध्यम से कराया था। उन्होंने कहा कि जब हम बड़े पदों पर पहुंचते हैं तो समाज हमें देखता है, इसलिए हमें अपनी बातों को अपने आचरण और चरित्र में भी उतारना चाहिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम में सत्संग के लिए अलग से हॉल निर्माण कराने की घोषणा की। उन्होंने कलेक्टर को निर्देशित किया कि हॉल का निर्माण कराया जाए। इसके लिए एक करोड़ रुपए की राशि अथवा निर्माण में जितनी भी राशि लगे, उसे उपलब्ध कराया जाएगा।

बेटियों को गृहस्थी का सामान और 51 हजार रुपए की सहायता
आयोजन के संबंध में ज्योतिमंद ने बताया कि विवाह के लिए अलग-अलग मंडप बनाए गए थे। प्रत्येक जोड़े के विवाह की व्यवस्था अलग-अलग आचार्यों द्वारा वैदिक विधि-विधान से कराई गई। नवविवाहित बेटियों को उपहार स्वरूप अलमारी, बेड, सिलाई मशीन, बिछिया, पायल, पांच साड़ियां, बर्तनों की किट सहित घरेलू उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रदान की गईं। वहीं शासन की ओर से प्रत्येक बेटी को 51 हजार रुपए की सहायता राशि भी दी जाएगी।

युवाओं ने सौंपा लवकुशनगर जिला बनाने का ज्ञापन
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान लवकुशनगर को जिला बनाने की मांग भी उठी। युवाओं ने बेड़ी गांव में बनाए गए हेलीपैड पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंपा। नितिन रिछारिया ने बताया कि मंच पर ज्ञापन सौंपने की अनुमति नहीं मिल रही थी, जिसके बाद युवाओं ने हेलीपैड पहुंचकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया और लवकुशनगर को जिला बनाने की मांग रखी।

कार्यक्रम में पहुंची फायर ब्रिगेड हुई खराब
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए नगर परिषद की ओर से पहुंची फायर ब्रिगेड का वाहन अचानक खराब हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने वाहन को धक्का लगाया, तब जाकर वह स्टार्ट हो सका। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में आपातकालीन सेवा के लिए तैनात फायर ब्रिगेड की यह स्थिति वाहन के रखरखाव और नगर परिषद की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com