मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बरेली मंडल में दो दिवसीय दौरा सोमवार से शुरू हो गया। मुख्यमंत्री का वायुयान सुबह करीब 11.10 बजे बरेली एयरपोर्ट पर उतरा। यहां से वह हेलिकॉप्टर में बैठकर पीलीभीत में कार्यक्रम स्थल गांव पतरासा कुंवरपुर पहुंचे। यहां बंगाली परंपरा से उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विस्थापित परिवारों को बड़ी सौगात दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत के पतरासा कुंवरपुर गांव में 569.11 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने इस दौरान विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार पत्र भी सौंपे। इसके साथ ही, 106 बंगाली समाज के लोगों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र भी दिए गए। इस कदम से उन्हें देश के पूर्ण नागरिक होने का अधिकार मिला।
कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का बंगाली परंपरा से स्वागत किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय गंगवार, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और अन्य जनप्रतिनिधि मंच पर उपस्थित रहे। बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा ने संबोधन के दौरान सीएम योगी से चीनी मिल, स्टेडियम और डिग्री कॉलेज की मांग की। बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने शिक्षा, चिकित्सा, परिवहन सुविधा मुहैया कराने पर सरकार की सराहना की।
जनसभा में पहुंचे हजारों लोग
सीएम योगी की जनसभा में सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और लाभार्थी जुटे। मुख्यमंत्री के आगमन पर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कार्यक्रम स्थल पर चार स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा के लिए 1100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इसके लिए चार एडिशनल पुलिस अधीक्षक, 10 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 47 थाना प्रभारी, 144 उपनिरीक्षक, 41 महिला उपनिरीक्षक, 624 कांस्टेबल और 94 महिला कांस्टेबल तैनात किए गए।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर, नौ ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर और 34 ट्रैफिक कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई। इसके अलावा 118 एआईयू कर्मियों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक कंपनी पीएसी और 10 फायर टेंडर भी तैनात किए गए।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal