पटना: दुर्गा पूजा एवं दशहरा के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी (DM) ने तैयारियों की समीक्षा की और सभी संबंधित पदाधिकारियों को सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। डीएम ने पूजा पंडालों का नियमित निरीक्षण करने, पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा सुरक्षा और जनसुविधाओं से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना लाइसेंस कोई जुलूस नहीं निकलेगा। प्रत्येक जुलूस का मार्ग और तिथि पहले से निर्धारित होनी चाहिए। पूजा पंडालों की मजबूती, प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। कार्यपालक अभियंता, विद्युत को सभी पूजा पंडालों में बिजली कनेक्शन और वायरिंग की जांच कराने का निर्देश दिए गए। साथ ही, प्रत्येक पंडाल में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मूर्ति विसर्जन के लिए चिह्नित कृत्रिम तालाबों एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, लाउडस्पीकर और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। जरूरत के अनुसार एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों की तैनाती भी की जाएगी। खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगाने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित विसर्जन के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal