देहरादून के युवा क्रिकेटर अभिमन्यु ईश्वरन को चयनकर्ताओं ने इंडिया ए की कमान सौंपी है। अभिमन्यु की कप्तानी में टीम अपनी पहली शृंखला बांग्लादेश में बांग्लादेश ए के विरुद्ध खेलेगी।

शृंखला में दो चार दिवसीय मैच खेले जाएंगे। बीसीसीआइ की सीनियर सेलेक्शन कमेटी ने बुधवार रात बांग्लादेश दौरे के लिए टीम और कप्तान की घोषणा की थी। इस शृंखला में भारत की तरफ से उमेश यादव और चेतेश्वर पुजारा जैसे दिग्गज भी खेलते नजर आएंगे।
बंगाल की टीम के कप्तान भी हैं अभिमन्यु
अभिमन्यु लंबे समय से इंडिया ए के सदस्य हैं। घरेलू सत्र में बंगाल की सीनियर टीम से खेलने वाले अभिमन्यु बंगाल की टीम के कप्तान भी हैं। कप्तानी के इसी अनुभव को देखते हुए उन्हें इंडिया ए की कमान सौंपी गई है।
इंडिया ए और बांग्लादेश ए के बीच पहला चार दिवसीय मैच 29 नवंबर से दो दिसंबर तक और दूसरा मैच छह दिसंबर से नौ दिसंबर तक खेला जाएगा। अभिमन्यु का चयन बीते वर्ष इंग्लैंड दौरे पर गई भारत की मुख्य टीम में भी हुआ था। हालांकि, तब उन्हें डेब्यू का अवसर नहीं मिल पाया था।
बेटे की कप्तानी की खबर से घर में जश्न का माहौल
अभिमन्यु ईश्वरन का देहरादून से खास नाता है। देहरादून में मसूरी रोड पर उनका घर है। उनके पिता आरपी ईश्वरन यहां गुनियाल गांव में अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी का संचालन करते हैं। बेटे की कप्तानी की खबर से उनके घर में जश्न का माहौल है।
बता दें कि आज से तीन साल पहलेअभिमन्यु के घर पर डकैतों ने धावा बोल दिया था। डकैत घर से करोड़ों की सम्पत्ति ले उड़े थे। इस घटना से पुलिस विभाग सहित देहरादून में हड़कंप मच गया था।
हथियारों से लैस बदमाशों ने घर पर बोला था धावा
अभिमन्यु ईश्वरन के पिता और अभिमन्यु क्रिकेट ऐकेडमी के संचालक आरपी ईश्वरन के मसूरी रोड पर मालसी स्थित बंगले पर 22 सितंबर 2019 की रात सवा आठ बजे हथियारों से लैस बदमाशों ने धावा बोला था। करीब डेढ़ घंटे तक लूटपाट करने के बाद बदमाश ईश्वरन दंपती, उनके दो नौकरों और गार्ड के हाथ-पैर बांधकर फरार हो गए थे।
मामले में मास्टरमाइंड वीरेंद्र ठाकुर निवासी छतरपुर थाना मैदान गढ़ी दिल्ली, अदनान, मुजिब्बुर रहमान उर्फ पिरु, फुरकान, फिरोज, हैदर अली, अरशद और फईम को गिरफ्तार किया जा चुका है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal