पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी और उमस से लोगों का बुरा हाल है, वहीं कमजोर मानसून ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। बारिश नहीं होने के पीछे बताया जा रहा है कि मानसून की गति धीमी है, लेकिन जल्द ही राहतभरी खबर भी आने वाली है। मौसम विभाग के अनुमानों के मुताबिक, हालांकि मानसून की चाल कमजोर है, लेकिन अगले रविवार (24 जून) से देश कई कई राज्यों में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। वहीं, यह भी कहा जा रहा है कि दिल्ली-एनसीआर में मानसून आने में थोड़ी देरी हो सकती है। मौसम पूवार्नुमानकर्ता स्काइमेट के अनुसार, देश में ज्यादातर राज्यों में मानसून की स्थिति कमजोर बनी हुई है, लेकिन 24 जून से मानसून फिर से सक्रिय हो सकता है।
स्काइमेट की रिपोर्ट के मुताबिक, मैडेन जूलियन ओशीलेशन (एमजेओ) मानसून के अनुकूल हो रहा है और बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भागों में मानसून सिस्टम विकसित होने वाला है, जिससे 24 जून से पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के कुछ और भागों तथा ओड़िशा में मानसून प्रभावी हो जाएगा।
देश की राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी है। इस कड़ी में शुक्रवार को तापमान ने पिछले पांच साल का रिकार्ड तोड़ा। अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 22 जून 2012 को इससे अधिक 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। वहीं शुक्रवार का तापमान इस साल जून में सबसे अधिक रहा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal