दिल्ली में शुक्रवार सुबह कोहरा छाया रहा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बिहार में राजधानी पटना और इसके आसपास के क्षेत्रों में कोहरे का असर बना रहा। मौसम विभाग ने हालांकि दिन चढ़ने पर धूप निकलने के असार जताए हैं।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने अईएएनएस को बताया, “आज दिनभर आसमान साफ रहेगा। सुबह मध्यम से घना कोहरा रहेगा।” राजधानी में शुक्रवार सुबह दृश्यता 400 मीटर रहेगी। सुबह 8.30 बजे वायुमंडल में आद्र्रता 91 प्रतिशत थी। आज अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जबकि न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, “अगले एक-दो दिनों तक वातावरण में नमी के कारण सुबह और शाम में कोहरे का असर ज्यादा रहेगा। धूप देर से निकलने के बाद भी तापमान में खास गिरावट नहीं होगी।” पटना का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 13़1 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 14.2 डिग्री सेल्सियस, गया का 10.7 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया का 12़1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना का शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री के करीब रहने की संभावना है। पटना का गुरूवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस, गया का 23.5 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया का 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal