वाराणसी की घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सर्किट हाउस के सामने अल्कापुरी कॉलोनी स्थित आवास के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान डिप्टी सीएम के आवास के पास लगे नाम के बोर्ड पर कालिख भी पोत दी गई। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर जमकर लाठियां भांजी। कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़कर पीटा गया।
सपा के दो दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ता बुधवार शाम लगभग पांच बजे उप मुख्यमंत्री के आवास पहुंच गए। वहां गेट पर वे धरना देकर प्रदर्शन करने लगे। सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि सेतु निगम डिप्टी सीएम के पास ही है। वाराणसी की घटना को लेकर नैतिकता के आधार पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य इस्तीफा दें। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान नारेबाजी भी की। डिप्टी सीएम के आवास पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सपा कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की तो उनसे धक्कामुक्की भी की गई। इस पर सुरक्षाकर्मियों ने कैंट थाने की पुलिस को सूचना। कैंट पुलिस ने मौके पर जाकर कार्यकर्ताओं खदेड़ना शुरू किया। इस दौरान पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं की जमकर पिटाई भी की। पुलिस का कहना है कि डिप्टी सीएम के आवास के सामने उनके नाम का बोर्ड लगा था जिस पर सपा के कार्यकर्ताओं ने कालिख पोत दी। पता चला है कि समाजवादी पार्टी छात्रसभा के कार्यकर्ता थे, जिनकी पहचान कराई जा रही है। उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
बताते हैं कि इस दौरान शहर की पॉश कॉलोनी अल्कापुरी में अफरा-तफरी मच गई। कॉलोनी में रहने वाले लोग घरों में घुस गए। पुलिस पहुंचने पर वहां भीड़ जुट गई।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal