जनवरी में आएंगे इन दो बड़ी सरकारी भर्तियों के परिणाम

लोक सेवा आयोग जनवरी में दो बड़ी भर्तियों के अंतिम परिणाम घोषित करेगा। इनमें से एक भर्ती के लिए छह वर्षों से इंतजार हो रहा है जबकि दूसरी भर्ती की प्रक्रिया तीन साल पहले शुरू की गई थी। इन दोनों भर्तियों में 3483 पदों पर चयन किया जाना है।
सम्मिलित अवर अभियंता परीक्षा 2013 की भर्ती प्रक्रिया दिसंबर 2013 में शुरू हुई थी।

लेकिन इसके लिए लिखित परीक्षा ढाई साल के बाद 22 एवं 23 मई 2016 को कराई गई। लिखित परीक्षा में 13745 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आयोग ने लिखित परीक्षा के तीन साल चार माह बाद इस वर्ष 16 अक्तूबर को परिणाम घोषित किया था। इस दौरान परीक्षार्थियों ने परिणाम घोषित करने के लिए आयोग दफ्तर के सामने कई बार प्रदर्शन किया और अनशन पर बैठे, दो बार लिखित आश्वासन देने के बाद भी आयोग परिणाम घोषित नहीं कर सका था। डॉ. प्रभात कुमार के अध्यक्ष बनने के बाद इसमें तेजी आई तो परिणाम घोषित किया जा सका। लिखित परीक्षा में 2674 पदों के लिए 3710 अभ्यर्थियों को सफल किया गया था।

जेई मैकेनिकल के पदों के लिए अक्तूबर और नवंबर तो जेई कृषि के लिए नवंबर और दिसंबर में इंटरव्यू हो चुका है। वहीं जेई सिविल के लिए इंटरव्यू चल रहा है, जो नौ जनवरी तक चलेगा। आयोग सूत्रों के मुताबिक इसके बाद किसी भी दिन इस भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित किया जा सकता है।
दूसरी है समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ-एआरओ) भर्ती 2017 इसकी प्रक्रिया 2017 में शुरू हुई थी। उत्तर प्रदेश सचिवालय, राजस्व परिषद और लोक सेवा आयोग में रिक्त आरओ-एआरओ के 809 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा इस वर्ष फरवरी में हुई थी, जिसमें 10682 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। एआरओ के लिए कम्प्यूटर पर टाइप टेस्ट 18 एवं 19 जनवरी को प्रस्तावित है। इस भर्ती में इंटरव्यू नहीं होना है इसलिए टाइप टेस्ट का मूल्यांकन होने के बाद जनवरी के अंत तक इस भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com