राम मंदिर चढ़ावा गबन प्रकरण की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी जांच जारी रखी। इस दौरान टीम ने मंदिर परिसर पहुंचकर मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की तथा संबंधित लोगों से पूछताछ की।
मुख्य आरोपी अविनाश की 2 घंटे की पुलिस कस्टडी
सूत्रों के अनुसार एसआईटी ने गोपाल राव से पूछताछ कर मामले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। इसी बीच पुलिस न्यायालय की अनुमति के बाद मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को अयोध्या जिला जेल से कस्टडी में लेकर पुलिस लाइन पहुंची, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद करीब 2 घंटे तक गहन पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस उसे आगे की जांच के लिए प्रतापगढ़ ले गई।
अविनाश की निशानदेही पर कैश ढोने वाली ब्रेजा कार बरामद
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि अविनाश शुक्ला ने चढ़ावे में प्राप्त कथित सोने-चांदी के आभूषण और नकदी अलग-अलग स्थानों पर रखी थी। जांच के क्रम में पुलिस टीम उसे एक योगा सेंटर भी लेकर पहुंची, जहां अधिकारियों की मौजूदगी में निरीक्षण कर तथ्यों और साक्ष्यों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने अविनाश शुक्ला की निशानदेही पर अयोध्या के कौशलपुरी क्षेत्र से ब्रेजा कार (यूपी-42 एपी-6054) बरामद की है। पुलिस के अनुसार लगभग एक वर्ष पहले खरीदी गई इस कार का कथित रूप से नकदी के आवागमन में भी उपयोग किया जाता था।
कमरे से मिले थे 20 लाख कैश और अमेरिकी डॉलर
पुलिस के अनुसार प्रतापगढ़ निवासी अविनाश शुक्ला राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती के कार्य से जुड़ा था और अयोध्या में किराये के मकान में रहता था। इससे पहले उसके कमरे से लगभग 20 लाख रुपये नकद, एक हजार अमेरिकी डॉलर, सोने-चांदी के आभूषण तथा रामराज्य कोष लिखा एक बक्सा बरामद किया जा चुका है। मामले की जांच जारी है। अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने प्रकरण के अन्य आरोपियों लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के निर्माणाधीन मकानों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
लवकुश मिश्रा की पत्नी को एडीए का नोटिस
एडीए ने लवकुश मिश्रा की पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम नोटिस जारी किया है। हालांकि, सुप्रिया मिश्रा ने दावा किया है कि उन्हें कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। उनका कहना है कि मकान का नक्शा विधिवत स्वीकृत है। उन्होंने अपने पति की सकुशल घर वापसी की कामना करते हुए कहा कि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया पर विश्वास है। पुलिस और एसआईटी ने बताया कि मामले में नए साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा आवश्यकतानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal