कलाग्राम में 16वां शिल्प मेला आज से: प्रशासक नगाड़ा बजाकर करेंगे शुरुआत

हस्तशिल्प की खूबसूरती, लोक संस्कृति के रंग और संगीत की मधुर धुनें… कलाग्राम में आज से दस दिवसीय 16वें चंडीगढ़ शिल्प मेले का आगाज होगा। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला और चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से आयोजित मेले का उद्घाटन शाम पांच बजे पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया नगाड़ा बजाकर करेंगे। इस बार मेले की थीम चंडीगढ़- संस्कृतियों का संगम रखी गई है।

उद्घाटन समारोह में कोरियोग्राफर सुशील शर्मा के निर्देशन में 250 डांसर्स लोक और शास्त्रीय नृत्यों पर आधारित विशेष कोरियोग्राफिक प्रस्तुति देंगे। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। मेले में हर दिन ख्यातनाम कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। समारोह में चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद सहित कई गण्यमान्य मौजूद रहेंगे।

पहली शाम भजनों से गूंजेगा कलाग्राम
उद्घाटन के बाद पहली संगीतमय शाम भजन गायिका साध्वी पूर्णिमा बरसाने वाली के नाम रहेगी। पूजा दीदी बरसाने वाली के नाम से प्रसिद्ध पूर्णिमा राधा-कृष्ण के भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी। उनके लोकप्रिय भजन राधे राधे जपो, चले आएंगे बिहारी और मेरी विनती यही है, राधा रानी कृपा बरसाए रखना खास आकर्षण होंगे।

दूसरी शाम लखविंदर वडाली का सूफियाना रंग
मेले की दूसरी शाम सूफी गायक पूरन चंद वडाली के पुत्र लखविंदर वडाली प्रस्तुति देंगे। चर्खा, रब मन्नेया जैसे गीतों से वे महफिल सजाएंगे।

कलाग्राम में दिखेगी देशभर की कला, संस्कृति और जायकों की झलक
मेले में देशभर की कला, संस्कृति और खानपान की झलक देखने को मिलेगी। इस बार 27 राज्यों के 200 से अधिक शिल्पकार अपने हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाएंगे। इनमें पंजाब की फुलकारी, कश्मीर की पश्मीना, राजस्थान-गुजरात की बांधनी, लखनऊ की चिकनकारी, बिहार की मधुबनी पेंटिंग और खुर्जा की ब्लू पॉटरी प्रमुख हैं। तुर्की-ईरान के कालीन और गुजरात के भुज की मिट्टी से बने बर्तन भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

मेले के फूड कोर्ट में हरियाणा का जलेब, दिल्ली की चाट, बिहार का लिट्टी-चोखा समेत विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। हर शाम लोकनृत्य, सूफी और भक्ति संगीत के कार्यक्रम होंगे। 27 नवंबर को साध्वी पूर्णिमा, 28 को लखविंदर वडाली और 29 नवंबर को आर नैट प्रस्तुति देंगे। मेले की थीम चंडीगढ़-ए कॉन्फ्लुएंस ऑफ कल्चर्स रखी गई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com