भाजपा ने नगर निगम देहरादून में पार्षद की 100 सीटों पर प्रत्याशियों का चयन शुरू कर दिया है। शुक्रवार शाम तक 68 प्रत्याशियों के नामों पर सहमति बनने के बाद सूची तैयार कर ली गई। शनिवार को चुनाव संचालन समिति की बैठक के बाद इनकी घोषणा की जाएगी। इधर, 32 पदों पर पांच से ज्यादा की दावेदारी ने चयन प्रक्रिया को जटिल कर दिया है। इनके लिए पार्टी ने दावेदारों को ए, बी और सी कैटेगरी में सूचीबद्ध किया है। इसी आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। 
नगर निगम देहरादून में महापौर से ज्यादा पार्षद का टिकट पाने के लिए दावेदारों में होड़ मची है। इस बार नगर निगम क्षेत्र 60 वार्ड से बढ़कर 100 वार्ड का होने से दावेदारों की संख्या पांच गुणा तक बढ़ गई है। अभी तक पार्षद के लिए 633 आवेदन आ चुके हैं। इनमें पहली बार नगर निगम में शामिल हुए क्षेत्रों के दावेदार ज्यादा हैं। भाजपा सूत्रों की मानें तो पार्टी ने शहर के 68 वार्डों के प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया है।
यह सूची सभी प्रत्याशियों के साथ जारी होगी या फिर पहले, इस पर मंथन चल रहा है। शनिवार को चुनाव समिति की बैठक में सूची पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। कुछ वार्डों में दावेदारी का विवाद या फिर पांच से ज्यादा दावेदारी होने की स्थिति में इसे आपस में सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए पार्टी ने बायोडाटा और उनकी छवि के आधार पर दावेदारों को तीन कैटेगरी में बांटा है।
इसी आधार पर इनके चयन पर भी अंतिम मुहर लगाई जाएगी। यहां तक कि निवर्तमान प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य से लेकर गांव के सभासद ने भी पार्षद पद के लिए आवेदन किया है। इसमें रायपुर क्षेत्र के दावेदारों की संख्या सबसे ज्यादा है।
बागियों पर भाजपा की पैनी नजर
टिकट न मिलने के बाद पाला बदलने या पार्टी के खिलाफ काम करने वालों पर भी भाजपा की नजर है। इसके लिए पार्टी ने शनिवार को बैठक बुलाई है। बैठक में ऐसे दावेदारों पर चर्चा होगी, जो टिकट न मिलने पर पार्टी छोड़ सकते हैं। उनके नफा-नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल का कहना है कि पार्टी अनुशासित है। ऐसे में पारदर्शिता के साथ चयन किया जाएगा। पार्षद के अधिकांश प्रत्याशियों के चयन पर सहमति बन गई है। शनिवार को पहली सूची जारी कर दी जाएगी।
 Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
 
		
 
 
						
 
						
 
						
 
						
 
						
