आगरा में IT सिटी, ट्रेड सेंटर और टेक्सटाइल हब, उद्यमियों की ये चार मांग; सीएम योगी ने दिए ये संकेत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आगरा के उद्यमियों ने आईटी सिटी, विश्वस्तरीय ट्रेड सेंटर, टेक्सटाइल हब और नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना की मांग की। मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन देते हुए औद्योगिक विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा प्रवास के दौरान रविवार सुबह शहर के प्रमुख उद्यमियों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात की। ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) मामले में सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत और उद्योगों पर गृहकर कम करने के लिए आभार जताया। उद्यमियों ने आगरा में आईटी पार्क, विश्वस्तरीय ट्रेड सेंटर और टेक्सटाइल हब बनाने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आगरा के औद्योगिक विकास के लिए शीघ्र सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

सर्किट हाउस में हुई बैठक में लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता, पर्यटन उद्यमी प्रह्लाद अग्रवाल, नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल के साथ अन्य प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उद्योगों का गृहकर घटाने पर प्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया। नेशनल चैंबर और लघु उद्योग भारती ने 400 से अधिक उद्योगों के आवेदनों को सुप्रीम कोर्ट से मिली अनुमति का जिक्र करते हुए इसे स्थानीय उद्योगों के लिए नई ऊर्जा बताया।

उद्यमियों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महंगी जमीन और जगह की कमी को देखते हुए भविष्य में प्लग एंड प्ले प्लेटेड फैक्टरी परिसर ही उद्योगों के विस्तार की आधारशिला होंगे। वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल की वेडिंग सिटी की मांग पर सीएम ने कहा कि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से आगरा को एक प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी प्रमोट किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी. सिंह बघेल, प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, यूपी वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, कोल्ड स्टोर एसोसिएशन से भुवेश अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि व उद्यमी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में मुख्यमंत्री को मार्बल हैंडीक्राफ्ट की कलाकृति भेंट की गई।

उद्यमियों ने रखीं ये मांगें
1- आईटी सिटी की स्थापना : युवाओं का पलायन रोकने के लिए आगरा-मथुरा रोड या ग्रेटर आगरा में आईटी सिटी बनाई जाए। टीसीएस व इन्फोसिस जैसी कंपनियों को आकर्षित करने के लिए शहर में आईटी कॉन्क्लेव आयोजित हो।
2- यूपीसीडा के रखरखाव शुल्क में कमी: यूपीसीडा की ओर से वसूले जा रहे 35 रुपये प्रति वर्गमीटर के मेंटेनेंस चार्ज को कम किया जाए, जो वर्तमान में नगर निगम के कर से 30 से 40 प्रतिशत तक अधिक है। दोहरे कर (जलकर व यूपीसीडा शुल्क) से भी राहत दी जाए।

3- ट्रेड सेंटर व टेक्सटाइल हब: एमएसएमई और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एक ही छत के नीचे सभी सुविधाओं वाला विश्वस्तरीय ट्रेड सेंटर बने। साथ ही, आगरा को मात्र पर्यटन नगरी न रखकर टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित किया जाए।
4- दो नए औद्योगिक क्षेत्र: बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए दो नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना और टीटीजेड उद्योगों के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की जाए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com