डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी), खंदारी परिसर में शनिवार को मेगा कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव-2026 का आयोजन किया जाएगा। इसमें आईटी और कोर इंजीनियरिंग क्षेत्र की 17 प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर देंगी।
आईईटी परिसर में शुक्रवार को कुलपति प्रो. आशु रानी ने प्लेसमेंट ड्राइव और नए पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेगा प्लेसमेंट ड्राइव के लिए 600 से भी अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सीधे उद्योग से जोड़ना और उन्हें वर्तमान औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।
आईईटी निदेशक प्रो. मनु प्रताप सिंह ने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव में आईटी, बीई, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, एमसीए, बीसीए और पीजीडीसीए के विद्यार्थियों को भी अवसर मिलेगा। इस दौरान कुलसचिव अजय मिश्रा, डॉ. राजेश लवानिया, डॉ. गिरीश कुमार सिंह, डॉ. मयंक प्रताप, इंजी. विपिन कुमार, देवेंद्र सक्सेना, डॉ. संदीप शर्मा, तरुण श्रीवास्तव भी रहे।
आईईटी में फुटवियर इंजीनियरिंग सहित 7 नए कोर्स
कुलपति ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से आईईटी में सात नए तकनीकी पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इनमें बीई स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग (एआई-एमएल) और फुटवियर इंजीनियरिंग शामिल हैं। इसके अलावा एमई में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, सिविल, इलेक्ट्रिकल तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शुरू की जाएगी। बीई पाठ्यक्रम चार वर्ष और एमई दो वर्ष के होंगे। सभी पाठ्यक्रमों का वार्षिक शैक्षणिक शुल्क 70 हजार रुपये बताया गया है। नए पाठ्यक्रमों में आधुनिक तकनीक, प्रयोगात्मक प्रशिक्षण, शोध, नवाचार और रोजगारपरक दक्षताओं पर जोर दिया जाएगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal