अम्बानी के साथ ये भारतीय भी हैं दुनिया के शीर्ष धनकुबेरों में शामिल

दुनिया के सबसे बड़े धनकुबेरों की ब्लूमबर्ग की सूची में अमेरिका के जेफ बेजोस पहले स्थान पर बने हुए हैं। बेजोस ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के प्रमुख हैं। कोरोनावायरस की वजह से लागू लॉकडाउन के चलते लोगों की निर्भरता ई-कॉमर्स कंपनियों पर बढ़ी है। इस वजह से अमेजन और बेजोस की संपत्ति में काफी अधिक बढ़ोत्तरी हुई है। Bloomberg Billionaires Index के मुताबिक बेजोस की मौजूदा संपत्ति 176 अरब डॉलर की है। इस सूची में माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स दूसरे स्थान पर हैं। उनके पास 117 अरब डॉलर की संपत्ति है। भारतीय धनकुबेर और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी इस लिस्ट में 8वें स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति 71.6 अरब डॉलर आंकी गई है। वह इस सूची में बेजोस और गेट्स के अलावा बेर्नार्ड अर्नाल्ट, मार्क जुकरबर्ग, स्टीव बालमर, वारेन बफेट और लैरी पेज से ही पीछे हैं। 

शिव नाडर हैं 83वें पायदान पर

ब्लूमबर्ग के इस इंडेक्स में 500 शीर्ष वैश्विक धनकुबेरों के नाम शामिल हैं। इनमें अंबानी सहित 13 भारतीय भी हैं। अगर शीर्ष 100 धनाढ्यों पर गौर किया जाए तो इसमें 3 भारतीय शामिल हैं। विप्रो के अजीम प्रेमजी इस सूची में 64वें स्थान पर हैं। उनके पास 18.5 अरब डॉलर की संपत्ति है। HCL Technologies के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन शिव नाडर के पास 16.3 अरब डॉलर की संपत्ति है। वह इस सूची में 83वें स्थान पर हैं।

पूनावाला ग्रुप के चेयरमैन साइरस एस पूनावाला इस सूची में 132वें स्थान पर हैं। उनके पास 12.3 अरब डॉलर की संपत्ति है। वह वैक्सीन बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी Serum Institute of India के चेयरमैन हैं। वित्त वर्ष 2018-19 के आखिर में पुणे स्थित कंपनी का कुल रेवेन्यू 84 करोड़ डॉलर पर रहा। इसके अलावा पूनावाला के पास मुंबई और पुणे में प्रोपर्टीज हैं।

11.3 अरब डॉलर आंकी गई है उदय कोटक की कुल संपत्ति

अडाणी समूह के संस्थापक गौतम अडाणी इस सूची में 133वें स्थान पर हैं। गौतम अडाणी की कुल संपत्ति 12.1 अरब डॉलर आंकी गई है। अडाणी समूह देश का सबसे बड़ा पोर्ट ऑपरेटर है। कोटक महिंद्रा बैंक के उदय कोटक के पास 11.3 अरब डॉलर की संपत्ति है। वह वैश्विक धनकुबेरों की इस सूची में 144वें स्थान पर हैं। कोटक महिंद्रा बैंक की देशभर में 1,500 से अधिक शाखाएं हैं।

लक्ष्मी निवास मित्तल धनाढ्यों की इस सूची में 153वें स्थान पर हैं। मित्तल के पास 10.9 अरब डॉलर की संपत्ति हैं। वह दुनिया की सबसे स्टील कंपनी आर्सेलर मित्तल के चेयरमैन और सबसे बड़े शेयरधारक हैं। भारत में जन्में मित्तल के पास लंदन में कई सारी संपत्ति हैं। वह लंदन में ही रहते हैं। रिटेल सेक्टर से जुड़े राधाकिशन दमानी के पास 10.6 अरब डॉलर की संपत्ति है और वह इस सूची में 158वें स्थान पर हैं। दमानी लोकप्रिय रिटेल चेन DMart का परिचालन करने वाली एवेन्यू सुपरमार्ट्स का नेतृत्व करते हैं।

श्री सीमेंट्स के चेयरमैन हैं 270वें स्थान पर

भारतीय टेलीकम्युनिकेशन कंपनी Bharti Airtel के चेयरमैन सुनील मित्तल धनकुबेरों की इस लिस्ट में 186वें स्थान पर हैं। मित्तल के पास 9.50 अरब डॉलर की संपत्ति है। सन फार्मा के संस्थापक और सबसे बड़े शेयरधारक दिलीप सांघवी के पास 8.10 अरब डॉलर की संपत्ति आंकी गई है और वह इस सूची में 220वें स्थान पर हैं। बिस्किट, केक और डेयरी प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी ब्रिटानिया के चेयरमैन एन वाडिया इस सूची में 231वें स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 7.81 अरब डॉलर आंकी गई है।

देश की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनियों में से एक श्री सीमेंट के चेयरमैन बेनु गोपाल बांगुर इस लिस्ट में 270वें स्थान पर हैं। ब्लूमबर्ग की इस सूची के मुताबिक बांगुर के पास कुल 6.83 अरब डॉलर की संपत्ति है। जिंदल ग्रुप की चेयरपर्सन सावित्री जिंदल के पास 5.23 अरब डॉलर की संपत्ति है और वह धनकुबेरों की इस लिस्ट में 408वें स्थान पर हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com