इंदौर के व्यस्त मार्ग पाटनीपुरा-मालवा मिल छह माह बाद अब ट्रैफिक जाम से शहरवासियों को आजादी मिलेगी। छह करोड़ की लागत से तैयार यह ब्रिज दशहरे के पर्व पर गुरुवार को ट्रैफिक के लिए खोला जाएगा। इस मार्ग के बंद होने से विजय नगर, श्रमिक क्षेत्र, परदेशीपुरा सहित 50 से ज्यादा काॅलोनियों के लोगों को हर दिन सुबह शाम ट्रैफिक जाम झेलना पड़ता था। इस मार्ग पर पहले 100 साल पुराना ब्रिज था, जो काफी जर्जर हो चुका था। बारिश के दिनों में ब्रिज पर पानी भी आ जाता था। नए ब्रिज ऊंचा बना है और उसकी चौड़ाई भी छह लेन है।
2 अक्टूबर को नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मेयर पुष्य मित्र भार्गव व विधायक रमेश मेंदोला इस ब्रिज का लोकार्पण करेंगे। ब्रिज का निर्माण आठ माह पहले शुरू हुआ था। ब्रिज छह माह में बनना था, लेकिन बारिश के कारण ब्रिज दो माह देरी से पूरा हुआ। यह ब्रिज मध्य क्षेत्र को शहर के नए हिस्से विजय नगर, स्कीम-54 सहित अन्य इलाकों से जोड़ता है। ब्रिज निर्माण के कारण मालवा मिल मार्ग बंद था। इस कारण विश्रांति मार्ग, बीआरटीएस, कुलकर्णी नगर रोड, अटल द्वार रोड पर यातायात का दबाव बढ़ गया था और रोज शाम को यातायात बाधित होता था।
एक युवक की गिरने से हो चुकी है मौत
निर्माण अवधि के दौरान ठेकेदार और अफसरों की लापरवाही के कारण एक बाइक सवार की मौत भी हो चुकी है। ब्रिज के आसपास बेरिकेड लगाने के बाद मिट्टी के ढेर लगाए गए थे। एक बाइक सवार युवक मिट्टी के ढेर से सीधे नाले में जा गिरा। उसकी मौत हो गई। इसके बाद निगमायुक्त ने दो अफसरों को निलंबित कर दिया था। ब्रिज के निर्माण में भी तेजी लाने को कहा गया। इस ब्रिज के निर्माण में देरी होने से व्यापारी भी नाराज थे। उनका कहना था कि त्योहार के समय ट्रैफिक बंद होने के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है। दो माह पहले व्यापारी निगम अफसरों को अपनी दुकानों की चाबियां भी सौंपने गए थे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal