शादी की खुशियां में लगा कोरोना का ग्रहण, विदाई से पहले दुल्हन को किया गया होमक्वारंटाइन

कोरोना वायरस ने शादी के बंधन को भी लाॅकाडाउन कर रखा है। फिलहाल कुछ पाबंदियों के साथ विवाह अनलॉक हुए लेकिन हमीरपुर के सरीला में कोरोना ने सात फेरों के बीच शादी की खुशियां काफूर कर दीं। विदाई से पहले दुल्हन को होमक्वारंटाइन करा दिया गया और दूल्हा व बरात बैरंग लौटा दी गई। फिलहाल दुल्हन के घर के बाहर कोविड-19 मिलये मत क्वारंटाइन किया हुआ घर लिखा नोटिस चस्पा कर दिया गया है।

क्वेटरा डेरा मजरा निवासी छेदालाल की बेटी गायत्री की कुरारा क्षेत्र के मंगलपुर गांव से बरात आई थी। कोरोना नियमों का पालन करते हुए दूल्हा और उसके परिवार वाले ही आए थे। छेदालाल ने बरातियों का स्वागत किया और मेहमनावजी की। दूल्हे के साथ बराती नाचते हुए दरवाजे पहुंचे तो द्वारचार और अगवानी की गई। चढ़ावा आदि रस्मों के बाद रात में दूल्हा दुल्हन के भांवरों की रस्म पूरी हुई। इस दौरान दुल्हा दुल्हन नया जीवन शुरू करने का तानाबाना मन ही मन बुन रहे थे। लेकिन, उनकी खुशियां पल भर में उस समय काफूर हो गईं, जब कोरोना पॉजिटिव की सूचना आई।

सोमवार की सुबह कन्या पक्ष दुल्हन की विदाई की तैयारी कर रहा था। इस बीच सूचना मिली कि दूल्हे का भाई व मां की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। यह जानकारी होते ही जनाती एवं बरातियों में एक सन्नाटा सा खिच गया। धीरे-धीरे अधिकांश जनाती मौके से खिसक लिए। कन्या पक्ष भी दुल्हन की विदाई को लेकर पेसोपेश में पड़ गया और फिर दोनों पक्षों में पंचायत का सिलसिला शुरू हो गया। कन्या पक्ष ने एहतियातन दुल्हन की विदाई न करने का निर्णय लिया और दूल्हा व बराती बैरंग लौट गए। छेदालाल निषाद का कहना है कि एहतियातन बेटी की विदाई नहीं की है, अब सबकुछ सामान्य होने के बाद विदाई की जाएगी।

दुल्हन के दरवाजे चस्पा की नोटिस

दूल्हे के भाई व मां की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सीएचसी सरीला की स्वास्थ्य कर्मियों की टीम व विकास खंड कर्मचारी छेदालाल के घर पहुंच गए। टीम ने छेदालाल निषाद सहित संपर्क में आए सभी 16 लोगों की जांच कर होम क्वारंटाइन कर दिया है। दुल्हन बनी गायत्री भी हाथों में मेहंदी लगाए होम क्वारंटाइन कर दी गई है। टीम ने घर सहित पूरे डेरा को सैनिटाइज किया गया है। दुल्हन की मां राममूर्ति, भाई जगभान के अलावा विरेश, भोला, दिनेश, रज्जू, विनोद, रामा, उर्मिला, मुकेश, भूरा, रीना व बाबू क्वारंटाइन हैं। ग्राम पंचायत सचिव व निगरानी टीम के सदस्यों ने कन्या पक्ष के घर के दरवाजे पर कोविड-19 मिलये मत क्वारंटाइन किया हुआ घर वाला नोटिस चस्पा कर दिया है।

दस जून को दिल्ली से लौटे मां-बेटे

मंगलपुरा गांव निवासी दूल्हे का पिता शिमला में रहता है, जबकि उसकी पत्नी व परिवार के अन्य लोग दिल्ली में रह रहे थे। दूल्हे का पिता एक जून को शिमला से दिल्ली पहुंचा और दस जून को वहां से पत्नी व पुत्रों के साथ अपने गांव मंगलपुरा आया था। सीएचसी कुरारा में 11 जून को जांच को सैंपल लिए गए थे। जिसमें दूल्हे की मां एवं भाई कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com