रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को राजस्था के उदयपुर में महाराणा प्रताप की चेतक आरूढ़ प्रतिमा का लोकार्पण किया। इससे पहले वह दिल्ली से उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से सड़क मार्ग से राजनाथ सिंह जर्नादन राय नागर राजस्थन विद्यापीठ पहुंचे। विश्वविद्यालय में रक्षा मंत्री को कैडेट्स की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राजनाथ सिंह का मेवाड़ी परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। इसके बाद वे विश्वविद्यालय के 16वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के लिए निकल गए. समारोह में राजनाथ सिंह 32 छात्रों को पीएचडी की उपाधि और 14 स्वर्ण पदक प्रदान करेंगे। दीक्षांत समारोह में कर्नाटक भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. तेजस्विनी अनंत कुमार को अपने फाउंडेशन के जरिए भारतीय समाज, संस्कृति की उन्नति के लिए विशिष्ट कार्य करने के लिए जनार्दन राय नागर संस्कृति रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. इसके तहत उन्हें रजत पत्र, प्रतीक चिन्ह, उपरणा, पगड़ी, प्रशस्ति पत्र और 1 लाख रुपए नकद राशि दी जाएगी।

चेतक आरूढ़ प्रतिमा का लोकार्पण
राजनाथ सिंह ने विश्वविद्यालय परिसर में दो करोड़ रुपयों की लागत से तैयार पवेलियन, क्रिकेट स्टेडियम और प्रातः स्मरणीय महाराणा प्रताप की चेतक आरूढ़ प्रतिमा का लोकार्पण किया. प्रतिमा के चारों तरफ रंग बिरंगी लाईटों के साथ फव्वारे लगाए गए हैं. कोलकाता के कारीगरों ने एक महीने में मूर्ति तैयार की है। मूर्ति के चारों तरफ प्रताप के इतिहास को दर्शाया गया है। जिससे युवा उन्हें पढ़ कर प्रेरणा ले सकें. पूर्व में सूर्य को लगाया गया है।