प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल और विस्तार का काउंटडाउन शुरू हो गया है। पीएम मोदी आज यानी बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट का विस्तार करने जा रहे हैं, जिसमें कई नए नेताओं की एंट्री होगी तो कुछ वहीं पुराने नेताओं की छुट्टी। मोदी कैबिनेट विस्तार पर उत्तराखंड सांसदों की दिल की धड़कनें भी तेज हो गई हैं। सूत्रों की मानें तो नैनीताल-उधमसिंहनगर सांसद अजय भट्ट और पौड़ी सांसद तीरथ सिंह रावत को कैबिनेट में जगह मिल सकती है। सूत्रों की मानें तो सांसद अजय भट्ट का मोदी मंत्रिमंडल में चुना जाना लगभग तय है।

हालांकि, दो में से एक सांसद को ही मोदी कैबिनेट में जगह मिलनी मुमकिन है। मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले संभावित नेता दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। शाम छह बजे मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए मंत्रियों के लिए शपथ ग्रहण समारोह होगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने पीएम मोदी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों की मानें तो स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए निशंक ने इस्तीफा दिया है। मोदी सरकार के कैबिनेट विस्तार में 19 नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। इसके साथ ही मंत्रिपरिषद की संख्या 53 से बढ़़कर 72 हो जाएगी।
कैबिनेट फेरबदल में कुछ मंत्रियों का कद भी बढ़ाया जा सकता है। इनमें प्रमुख नाम नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी का भी चल रहा है। आज दोपहर 11 बजे केंद्रीय कैबिनेट की एक अहम बैठक होने वाली थी, मगर अब उसे रद्द कर दिया गया है। दरअसल, मोदी कैबिनेट फिलहाल 53 मंत्री शामिल हैं, जबकि उसमें अधिकतम 81 मंत्री रह सकते हैं। इस तरह से देखा जाए तो पीएम मोदी के मंत्रिमंडल में अभी 28 और मंत्री बनाए जाने की संभावना है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal