इलेक्ट्रिक कार की चार्जिंग की टेंशन को कंपनियां धीरे-धीरे खत्म कर रही हैं। एक तरफ जहां बैटरी की रेंज बढ़ाई जा रही है, तो दूसरी तरफ फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी इसे ज्यादा आसान बनाती जा रही है। इसी दिशा में कोरियन कंपनी किआ (Kia) ने भारत में अपना सबसे फास्ट चार्जर स्टेशन सेटअप किया है। इस फास्ट चार्टर को केरल के कोच्चि में लगाया गया है। इसी मदद से इलेक्ट्रिक कारों को 240 kWh DC फास्ट चार्जिंग पर लगाया जा सकेगा। कंपनी का कहना है कि इस चार्जर की मदद से कार को महज 30 मिनट में 100% चार्ज किया जा सकेगा।

18 मिनट में 80% तक चार्ज
EV6 को हुंडई और किआ के कॉमन इलेक्ट्रिक-ग्लोबल मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म (E-GMP) पर तैयार किया गया है। किआ का दावा है कि EV6 एक बार चार्ज करने पर 528 किलोमीटर तक चल सकती है। 350 kWh फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करके EV6 को केवल 18 मिनट में 10 से 80% तक चार्ज किया जा सकता है। 240 kWh चार्जर से इलेक्ट्रिक कार को 30 मिनट में चार्ज किया जा सकता है। बता दें कि किआ ने भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार EV6 को इसी साल जून में लॉन्च किया था।
हर कंपनी की इलेक्ट्रिक कार चार्ज की जाएगी
किआ ने कोच्चि में जो चार्जिंग स्टेशन सेटअप किया है वहां पर सभी कंपनियों की इलेक्ट्रिक कारों को चार्ज किया जा सकेगा। किआ इंडिया ने शहर और उसके आसपास के सभी ईवी ऑनर के लिए यह सुविधा शुरू की है। चार्जिंग स्टेशन पर कोई भी अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल को चार्ज कर पाएंगे। इससे पहले जुलाई में इलेक्ट्रिक कारों के लिए गुड़गांव के सबसे तेज 150kWh चार्जर सेटअप किया गया है। ऐसे में किआ ने 240 kWh DC फास्ट चार्जर लगाकर खुद को इस दिशा में एक कदम आगे बढ़ा दिया है।
किआ EV6 की रेंज 528Km
किआ EV6 इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर को दो ट्रिम्स GT लाइन RW और GT लाइन AWD में खरीद पाएंगे। GT लाइन RWD की कीमत 59.95 लाख (एक्स-शोरूम, भारत) है, जबकि GT लाइन AWD की कीमत 64.95 लाख (एक्स-शोरूम, भारत) है। भारत में इसकी सिर्फ 100 गाड़ियां ही बेची जाएंगी। किआ को इस गाड़ी के लिए ग्राहकों की तरफ से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। किआ EV6 के RWD मॉडल को एकबार फुल चार्ज करने पर यह 528 किमी तक की रेंज मिलती है। हालांकि AWD वर्जन को एक बार चार्ज करने पर 425 किमी तक चला पाएंगे।