आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खेलो इंडिया यूथ गेम्स का करेंगे शुभारंभ…

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के इंतजार की घड़ी अब समाप्त हो गई हैं। आज शनिवार शाम आठ बजे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खेल महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में 200 से ज्यादा छात्र रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे।

खेलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। हर कोई इन खेलों के शानदार आगाज का इंतजार कर रहा है। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए प्रतिदिन रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस सारे टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। लोग घर बैठे सभी टूर्नामेंट देख सकेंगे।

25 खेलों में हिस्सा लेंगे 8,500 खिलाड़ी

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के चौथे संस्करण में देशभर के लगभग 8,500 खिलाड़ी, कोच और सहयोगी स्टाफ भाग लेंगे। खिलाड़ी कुल 1866 पदकों जिनमें 545 स्वर्ण, 545 रजत और 776 कांस्य पदक शामिल हैं के लिए अपने जौहर दिखाएंगे। 25 अलग-अलग खेलों को पांच स्थानों पर आयोजित किए जाएगा।

यह खेल आयोजन पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में आयोजित होंगे। हालांकि ताऊ देवी लाल खेल परिसर पंचकूला इन खेल प्रतियोगिताओं का मुख्य आयोजन स्थल होगा। आयोजन स्थल में लगभग 7,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पहली बार पांच पारंपरिक खेलों जैसे गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन को भी शामिल किया गया है। शनिवार को योगासन, थांग-ता और गतका के मुकाबले शुरू हो जाएंगे। यह दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा प्रतियोगिता के पहले दिन फुटबाल, बैडमिंटन, रेसलिंग और हाकी के मुकाबले कराए जाएंगे।

अनिल विज ने लिया तैयारियों का जायजा

शुक्रवार को हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेडियम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। विज ने कहा कि महिला पुलिस की तैनाती के साथ-साथ महिला स्वास्थ्य कर्मियों की भी तैनाती की जाए, ताकि खेलों में हिस्सा लेने वाले युवा खिलाडिय़ों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रतियोगिता पर खर्च होंगे 250 करोड़

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का आयोजन हरियाणा सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय संयुक्त रूप से कर रहे हैं। खेलों के चौथे संस्करण के आयोजन के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि खर्च करने का प्रविधान किया गया है। इस राशि में से 139 करोड़ नई खेल संरचना के निर्माण और पुराने बुनियादी ढांचे के सुधार पर खर्च किए गए हैं। टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे खिलाडिय़ों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com