आंदोलनकारियों के सपनों की दिशा में काम कर रही है उत्तराखंड सरकार : CM त्रिवेंद्र रावत

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शहीद स्थल रामपुर तिराहा, मुजफ्फरनगर में शहीद स्मारक पर उत्तराखंड राज्य आन्दोलकारी शहीदों की पुण्य स्मृति में श्रद्धासुमन अर्पित किए। राज्य निर्माण के लिए बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों के उत्तराखंड की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। राज्य आन्दोलनकारियों के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि हम आज के दिन को अनेक रूपों में मनाते हैं। देश की आजादी के लिए अहिंसा और सत्याग्रह के के सिद्धान्त पर चलने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं जय जवान जय किसान का उद्घोष कर देश के सैन्य शक्ति को प्राथमिकता देने वाले और किसानों की मजबूती के लिए कार्य करने वाले देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है।

उन्होंने जय किसान के उद्घोष से देश को खाद्यान्न के मामले में देश को आत्मनिर्भर बनाने के निर्णय लिया। उत्तराखंड एवं तत्कालीन उत्तर प्रदेश के इतिहास में आज के दिन को एक काले धब्बे के रूप में भी हम लोग देखते हैं। जिस तरह से रामपुर तिराहा में राज्य आंदोलनकारियों पर आमानवीय अत्याचार हुआ, अनेक नौजवान शहीद हुए। यहां के स्थानीय लोगों ने इन नौजवानों के सम्मान और सुरक्षा के लिए जिस तरह योगदान दिया, उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य बड़े संघर्ष के बाद बना। राज्य के निर्माण में सभी वर्गों के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने उत्‍तराखंड राज्य का निर्माण करवाया। जब उत्तराखंड राज्य बना तब उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह थे। आज राज्य तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय, शिक्षा, इन्फ्रास्ट्रक्चर में तेजी से वृद्धि हुई है। उत्तराखंड सीमांत प्रदेश है, जिसकी लगभग पौने छह सौ किलोमीटर की अन्तरराष्ट्रीय सीमाएं हैं। उत्तराखंड के सामरिक महत्व एवं राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए लालकृष्ण आडवानी ने भी उत्तराखंड को अलग राज्य बनाने की मांग की थी।

आज हम चीन की सीमा तक सड़क पहुंचा चुके हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर श्रद्धासुमन भी अर्पित किए। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष/विधायक बंशीधर भगत, विधायक हरबंश कपूर, प्रदीप बत्रा, मुजफ्फरनगर के विधायक प्रमोद उडवाल, मेयर रूड़की गौरव गोयल, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजेंद्र अन्थवाल एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com