रक्षाबंधन से पहले पंजाब के मुख्यमंत्री ने पंजाब के लोगों को नौकरियों का बड़ा तोहफा दिया है। सीएम मान ने प्रदेश में 3000 नई नौकरियां देने का एलान किया है।
पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने प्रदेश के लोगों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। सरकार ने लोगों के लिए नौकरियों का पिटारा खोला है। पंजाब में तीन हजार पदों पर नई भर्ती होगी। यह एलान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया है।
रक्षाबंधन के त्योहार के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बरनाला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के तीन हजार नए पदों पर जल्द ही भर्ती की जाएगी। सरकार ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुख की बात है कि पिछली सरकारों ने इन नियमों को बदलने के लिए कुछ नहीं किया, क्योंकि इन नेताओं का लोगों और उनकी समस्याओं से कोई सरोकार नहीं था। मान ने कहा कि अग्निशमन विभाग में लड़कियों की भर्ती करने वाला पंजाब देश का पहला राज्य बनेगा। गौरतलब है कि अग्निशमन विभाग में भर्ती के लिए महिला उम्मीदवारों को फिजीकल टेस्ट में रियायत देने की मांग काफी समय से चल रही है। इसी को लेकर संशोधन प्रक्रिया चल रही है।
सीएम ने कहा कि राज्य के छह जिलों में वरिष्ठ पुलिस कप्तान के रूप में महिला अधिकारी तैनात हैं और आठ जिलों में महिला उपायुक्त हैं। इसके अलावा भी राज्य में लड़कियों के कल्याण के लिए बड़े प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसों में 1300 जिंदगियां बचाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं में बहुमूल्य जीवन बचाने और सुरक्षा बढ़ाने के लिए सड़क सुरक्षा बल स्थापित किया है। इसमें 1597 कर्मचारी जिन्हें विशेष रूप से प्रशिक्षित कर तैनात किया हैं और उन्हें अत्याधुनिक मशीनरी से लैस 144 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इस फोर्स की स्थापना के बाद सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 1300 जिंदगियां बचाई गई हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal