पेरिस ओलंपिक में खेलने वाले पंजाब के खिलाड़ियों को रविवार को चंडीगढ़ में सम्मानित किया गया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हॉकी खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ की इनामी राशि देकर सम्मानित किया है।
पेरिस ओलंपिक में देश व प्रदेश का नाम रोशन करने वाले पंजाब के खिलाड़ियों को आज चंडीगढ़ में सम्मानित किया गया। पंजाब सरकार की तरफ से रविवार को चंडीगढ़ में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया है।
इस दौरान सीएम भगवंत मान की तरफ से कांस्य पदक विजेता हॉकी टीम के खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये की इनामी राशि देकर उनको सम्मानित किया है। साथ ही ओलंपिक में हिस्से लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को 15-15 लाख रुपये की राशि के चेक दिए गए।
सेक्टर-26 में सुबह 11 बजे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य सरकार की तरफ से कुल 9.35 करोड़ रुपये की राशि खिलाड़ियों को जारी की गई। कार्यक्रम के दौरान पंजाब के सभी 10 हॉकी खिलाड़ी मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मंच पर बैठे हुए थे। सीएम मान की कुर्सी खिलाड़ियों के बीचों-बीच लगाई गई थी।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब के खिलाड़ियों ने ओलंपिक में जो प्रदर्शन किया है वह तारीफ के काबिल है। देश की टीम में 10 हॉकी खिलाड़ी पंजाब के हैं। यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है। ओलंपिक खिलाड़ियों ने पदक जीतकर पंजाबियों के खून में नया जोश भरा है। इस राज्य के नौजवानों को एक नई दिशा मिली है। कार्यक्रम में कई मंत्री विधायक और अधिकारी मौजूद रहे।
बता दें कि हॉकी टीम में पंजाब के 10 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनको सम्मानित किया गया है। इनमें हरमनप्रीत सिंह, जरमनप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, शमशेर सिंह, गुरजंट सिंह, मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह, किशन बहादुर पाठक और जुगराज सिंह शामिल हैं।
इसके अलावा शूटिंग में छह, शॉटपुट, एथलेटिक्स और गोल्फ में पंजाब के एक-एक खिलाड़ी ने ओलंपिक में हिस्सा लिया था, इनको भी 15-15 लाख रुपये की राशि के साथ सम्मानित किया गया। भारत की हॉकी टीम ने ओलंपिक में लगातार दो बार पदक जीता है। इससे पहले टोक्यो ओलंपिक में भी टीम पदक जीतने में सफल रही थी।
 Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
 
		
 
 
						
 
						
 
						
 
						
 
						
