ब्लंडल और फिलिप्स की साझेदारी ने न्यूजीलैंड को संभाला, भारतीय गेंदबाजों के हाथ से फिसल गया बड़ा मौका

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने क्राइस्टचर्च में भारत के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन शुक्रवार का अंत पांच विकेट के नुकसान पर 246 रनों के साथ किया है। पहला सत्र तो न्यूजीलैंड के नाम रहा जहां उसने सिर्फ एक ही विकेट खोया, लेकिन दूसरे सत्र में टीम ने तीन विकेट खो दिए। हालांकि, आखिरी सत्र में कुछ हद तक यह टीम संभलने में सफल रही।

स्टम्प्स तक टॉम ब्लंडल 53 और ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत के लिए आखिरी सत्र में न्यूजीलैंड को ढेर करने का मौका था, लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों ने विकेट पर पैर जमाते हुए भारत को परेशान कर दिया।

बराड़ को मिला मौका
टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने इस मैच में टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम ने एक बदलाव किया। पिछले टेस्ट मैच में महंगे साबित हुए प्रसिद्ध कृष्णा को इस मैच में मौका नहीं मिला और उनकी जगह गुरनूर बराड़ को प्लेइंग-11 में चुना गया। बराड़ ने अपना खाता खोलने में थोड़ा समय लिया। उन्होंने पहले सत्र के अंत में 77 के कुल स्कोर पर डेवन कॉन्वे की पारी का अंत कर दिया। कॉन्वे 79 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हुए।

दूसरे सत्र में तो भारतीय टीम पूरी तरह से न्यूजीलैंड पर हावी रही। कीवी टीम ने इस सत्र में अपने तीन विकेट खोए और यह तीनों विकेट 110 रनों के कुल स्कोर पर खोए। पहले कप्तान टॉम लैथम को आकाशदीप ने विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। उन्होंने 128 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 59 रनों की पारी खेली। इसी स्कोर पर हेनरी निकल्स को अंशुल कंबोज ने आउट किया। फिर आकाशदीप ने रचिन रवींद्र को पवेलियन की राह दिखाई। वह खाता तक नहीं खोल पाए।

टॉम ब्लंडल का अर्धशतक
इन तीन विकेटों के बाद अचानक से सदमे में आई न्यूजीलैंड की टीम को डेरिल मिचेल और टॉम ब्लंडल का साथ मिला। इन दोनों ने मिलकर टीम को संभाला और 74 रनों की साझेदारी की। हालांकि, मिचेल किसी तरह से वॉशिंगटन सुंदर के बिछाए जाल में फंस गए और बैकवर्ड शॉर्ट लेग पर ध्रुव जुरैल के हाथों लपके गए। उन्होंने 74 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 31 रन बनाए।

इसके बाद फिलिप्स और ब्लंडल ने टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। दोनों के बीच अभी तक 62 रनों की साझेदारी हो चुकी है। ब्लंडल 117 गेंदों पर छह चौके लगा चुके हैं। वहीं फिलिप्स 64 गेंदों पर पांच चौके मार चुके हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com