जालंधर के फिल्लौर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई। कैंटर और विज्ञापन होर्डिंग से लदी स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सुखपाल सिंह बुरी तरह केबिन में फंस गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक को रोड सेफ्टी फोर्स की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। कैंटर की स्वराज 735 ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। टक्कर के कारण कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और चालक सुखपाल सिंह का पैर गंभीर रूप से टूट गया। वह क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया। सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स इंचार्ज जसविंदर सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत की और केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला। मौके पर मौजूद ट्राइएज टीम ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया और पैर पर पट्टी बांधकर खून रोकने का प्रयास किया। इसके बाद नेशनल हाईवे एंबुलेंस 1033 की मदद से घायल सुखपाल सिंह को सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सड़क सुरक्षा फोर्स इंचार्ज जसविंदर सिंह के अनुसार, कैंटर की टक्कर विज्ञापन का बड़ा होर्डिंग लगी स्वराज 735 ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुई थी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। इसके बाद एनएचएआई की टीम ने हाइड्रा क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात दोबारा बहाल हो सका। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए फिल्लौर थाने को सूचना दे दी गई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal