जब आप कहीं बाहर से घर वापस लौटते हैं, तो अपने जूते बाहर उतारते हैं या घर में भी जूते पहनकर ही आते हैं? आप सोच रहे होंगे कि ये सवाल कितना बेतुका है, लेकिन असल में ये आपकी और आपके परिवार की सेहत के लिए काफी मायने रखता है।
दरअसल, आप जब बाहर से आते हैं, तो अपने जूतों के साथ कई अनचाहे मेहमान भी आते हैं। जूतों में लगी मिट्टी से सिर्फ गंदगी नहीं फैलती, बल्कि इनमें बैक्टीरिया भी छिपे होते हैं, जो बीमारियों का कारण बन सकते हैं। इसलिए घर में घुसते समय जूतों को बाहर ही उतारना जरूरी है। आइए जानें इस बारे में और भी बातें।
जूतों के तले में लगे बैक्टीरिया
साल 2008 में हुई एक रिसर्च में पाया गया कि लगभग 80% जूतों के निचले हिस्से में फीकल बैक्टीरिया यानी मल में पाए जाने वाले बैक्टीरिया पाए गए। ये बैक्टीरिया आमतौर पर पब्लिक टॉयलेट्स की फर्श से जूतों पर चिपकते हैं और हमारे साथ घर तक आ जाते हैं।
इसके अलावा, बाहर कुत्तों और पक्षियों की ड्रॉपिंग्स आदि में मौजूद बैक्टीरिया भी हमारे जूतों के तले में चिपक जाते हैं। अस्तपताल जैसी जगहों पर और भी ज्यादा जर्म्स होते हैं। एक दूसरी रिसर्च में पाया गया कि 65% डॉक्टर्स के जूतों पर एंटीबायोटिक-प्रतिरोधी एमआरएसए या एंटरोकोकस फेकेलिस जैसे आंतों में पाए जाने वाले बैक्टीरिया पाए गए।
किस तरह के फर्श पर ज्यादा टिकते हैं बैक्टीरिया?
न्यू यॉर्क सिटी के नॉर्थइस्टर्न यूनिवर्सिटी में 2023 में हुई एक स्टडी में फुटपाथ के बारिश के पानी, जूतों के तलों और यूनिवर्सिटी के फर्श के सैंपल लिए गए। इस स्टडी में पाया गया कि छात्रों और शिक्षकों के जूतों के तले में वही बैक्टीरिया मौजूद थे, जो बाहर फुटपाथ पर थे।
इस वजह से यूनिवर्सिटी के अंदर का हिस्सा भी दूषित पाया गया, खासकर वो जगहें, जहां कार्पेट बिछे हुए थे। कार्पेट बिछी हुई जगहों पर बैक्टीरिया का संक्रमण सबसे ज्यादा था।
केमिकल्स भी आ रहे हैं घर
जूते बैक्टीरिया के साथ और भी कई हानिकारक चीजों को घर के अंदर लाते हैं। PFAS ऐसे केमिकल्स हैं, जो पर्यावरण और हमारे शरीर में सालों तक बने रहते हैं। इसलिए इन्हें फॉरएवर केमिकल भी कहा जाता है। ये भी जूतों के साथ घर में आते हैं। इसके अलावा, रिकनस्ट्रक्शन या मरम्मत के काम के दौरान उड़ने वाली लीड डस्ट भी जूतों में चिपक जाती है। खेतों और घर के बगीचों में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक भी जूतों के साथ घर में आ जाते हैं।
घर के बाहर जूते उतारना जरूरी
साल 2023 के एक पोल के मुताबिक, लगभग 63% अमेरिकी घर पहुंचते ही नियमित रूप से अपने जूते बाहर उतार देते हैं। वहीं, 24% लोग अपने घर आने वाले मेहमानों से भी जूते बाहर उतारने का अनुरोध करते हैं। सेहत के लिहाज से घर के बाहर जूते उतारना समझदारी भरा कदम साबित हो सकता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal