चीन पहुंचे डोनल्ड ट्रंप, एयरपोर्ट पर चिनफिंग ने किया जोरदार स्वागत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप बुधवार को एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन पहुंचे हैं। दक्षिणी चीन के शेन्जेन हवाई अड्डे पर चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने उनका स्वागत किया।

गौरतलब है कि ट्रंप की चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ एक त्रिपक्षीय बैठक भी होनी है। ट्रंप ने कहा है कि वह परमाणु हथियारों को सीमित करने और यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने पर चर्चा करना चाहते हैं। हालांकि, उनके सहयोगियों ने पहले पत्रकारों को बताया था कि त्रिपक्षीय बैठक में यूक्रेन संघर्ष का मुद्दा शामिल नहीं होगा।

रूस-यूक्रेन युद्ध पर हो सकती है चर्चा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने मंगलवार को कहा कि हर महीने हजारों रूसी सैनिकों की मौत ने इस संघर्ष को सुलझाने का एक मौका पैदा कर दिया है। उन्होंने किसी समझौते की संभावना को लेकर उम्मीद जताई।

ट्रंप ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हम इसे पूरा करने के बहुत करीब हैं। हमारी इस पर एक अच्छी बैठक होने वाली है।’ ट्रंप ने पुतिन के साथ एक निजी बैठक और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के साथ एक अलग बैठक की संभावना भी जताई, हालांकि इनमें से किसी भी बैठक की पुष्टि नहीं हुई है।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बुधवार को साफ किया कि ट्रंप उत्तर कोरिया के साथ तनाव को दूर करने के लिए किम से मिलने को लेकर गंभीर हैं। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि गुरुवार के लिए दोनों नेताओं के बीच कोई बैठक तय नहीं की गई है।

रूबियो ने कहा, ‘मैं यह नहीं कह रहा हूं कि बुधवार को कोई बैठक होगी। मैं बस इतना कह रहा हूं कि राष्ट्रपति मिलने और चर्चा करने के लिए तैयार हैं, ठीक वैसे ही जैसे उन्होंने अपने पहले कार्यकाल के दौरान किया था।’

फिलीपींस के साथ व्यापार समझौता अहम: ट्रंप
मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन और क्वाड नेताओं की बैठक में हिस्सा लेने के बाद, ट्रंप चीन की यात्रा पर आये हैं। फिलीपींस से रवाना होने से ठीक पहले, उन्होंने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट के जरिए फिलीपींस के साथ एक नए व्यापार समझौते की घोषणा की।

उन्होंने लिखा, ‘मैं अब फिलीपींस से चीन जा रहा हूं। फिलीपींस में हमारी व्यापार, राष्ट्रीय सुरक्षा और अन्य विषयों पर बहुत अच्छी बातचीत हुई। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमने फिलीपींस के साथ एक नया और बिल्कुल अलग व्यापार समझौता किया है।

यह एक ऐतिहासिक समझौता होगा, जो विशेष रूप से हमारे किसानों और ‘ऊर्जा’ क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा। राष्ट्रपति मार्कोस एक प्रभावशाली नेता हैं, जो बहुत ईमानदार और सुलझे हुए इंसान हैं। उनके, उनकी पत्नी और उनके बेटे के साथ समय बिताना मेरे लिए सम्मान की बात थी। चीन में मिलते हैं।’

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com