जो कोई नहीं कर सका वो काम कर गए राशिद खान, पूरे विश्व में मच गया तहलका

 राशिद खान अपनी फिरकी से पूरी दुनिया के मैदानों पर जलवा दिखा चुके हैं। जिस इंग्लैंड में तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहता है वहां भी राशिद की फिरकी के आगे बल्लेबाज नाचते हैं। ये उन्होंने एक बार फिर साबित किया है। मामला है इंग्लैंड की लीग द हंड्रेड का जिसमें अफगानिस्तान का ये स्पिनर एमआई लंदन से खेल रहा है और ऐसा काम कर गया है जो आसान नहीं होता है।

एमआई लंदन का सामना सुपर जायंट्स से था। लंदन ने ये मैच 45 रनों से जीत लिया और इसमें मुख्य किरदार निभाया राशिद खान ने। राशिद ने इस मैच में पांच विकेट लिए जिसके कारण सुपर जायंट्स की टीम लंदन द्वारा रखे गए 184 रनों के टारगेट के सामने 138 रनों पर ढेर हो गई।

ऐसा करने वाले बने पहले गेंदबाज

राशिद ने 20 गेंदें फेंकी और 17 रन देकर पांच विकेट लिए। इसमें से नौ गेंदों पर उन्होंने एक भी रन नहीं दिया। राशिद ने ही सुपर जायंट्स के विकेट गिराने की शुरुआत की। उन्होंने सबसे पहले सलामी बल्लेबाज टिम सेफर्ट को आउट किया जो 12 गेंदों पर 17 रन बना पाए। तूफानी बल्लेबाज जोस बटलर (2) उनका अगला शिकार बने और इसी के साथ सुपर जायंट्स ने अपना दूसरा विकेट खो दिया।

एडेन मार्करम की अर्धशतकीय पारी पर ब्रेक नाथन सोवटर ने लगाया। मार्करम ने 26 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाए। राशिद ने फिर खतरनाक हेनरिक क्लासेन (13) को अपना तीसरा शिकार बनाते हुए लंदन को चौथी सफलता दिलाई। उनके बाद टॉम मूरस को राशिद ने खाता तक नहीं खोलने दिया। लियाम डॉसन को आउट कर राशिद ने अपना पंजा पूरा किया। यहां सुपर जायंट्स का स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 109 रन था।

यहां से लंदन की जीत तय लग रही थी और हुआ भी यही। इसी के साथ राशिद इस सीजन में एक मैच में पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। उनके अलावा टॉम करन ने दो विकेट लिए। ट्रेंट बोल्ट, रिचार्ड ग्लीसन और नाथन सोवटर के हिस्से एक-एक विकेट आया।

जैक्स और पूरन ने कूटे रन

राशिद से पहले लंदन के लिए विल जैक्स और निकोलस पूरन ने तूफानी बल्लेबाजी की। जैक्स ने 31 गेंदों पर तीन चौके और छह छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। निकोलस पूरन ने 28 गेंदों पर पांच चौके और चार छक्कों की मदद से 54 रनों की पारी खेली। जेम्स विंसे ने 29 और कप्तान सैम करन ने 11 गेंदों पर 23 रनों की पारी खेली जिससे लंदन की टीम 10 गेंदों पर छह विकेट खोकर 183 रन ही बना सकी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com