ब्रंट और नाइट के दम पर इंग्लैंड ने बनाई फाइनल में जगह, साउथ अफ्रीका का सपना फिर चकनाचूर

नेट सिवर ब्रंट और हीथर नाइट की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 40 रनों से मात देकर आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप-2026 के फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल में इंग्लैंड का सामना मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम से होगा।

ब्रंट और नाइट ने टीम को मुश्किल स्थिति में से बाहर निकालते हुए जीत की बुनियाद रखी। पहले बल्लेबाजी करने वाली इंग्लैंड का स्कोर एक समय तीन विकेट के नुकसान पर 23 रन था। यहां से फिर ब्रंट और नाइट ने चौथे विकेट के लिए 133 रनों की साझेदारी की जिससे टीम का स्कोर 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 169 रनों तक पहुंच सका। साउथ अफ्रीकी की टीम इस स्कोर के सामने 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 129 रन ही बना पाई।

तीन मैचों बाद की वापसी

ब्रंट ने तीन मैचों के बाद टीम में वापसी की और शानदार पारी खेली। वह पिंडली में चोट के कारण बाहर थीं। इंग्लैंड की कप्तान ने इस मैच में वापसी करते हुए 47 गेंदों की अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का मारा और 75 रन बनाए। वहीं नाइट ने 47 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 58 रनों की पारी खेली।

शबनिम इस्माइल और मारिजाने कैप ने शुरुआती ओवरों में इंग्लैंड को झटके दिए। मेजबान टीम पावरप्ले में कुछ कमाल नहीं कर सकी। दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर इस्माइल ने एमी जोंस का विकेट अपने नाम किया। जोंस सिर्फ दो रन ही बना सकी। तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर कैप ने डेनी व्याट की 12 रनों की पारी का अंत कर दिया। इस्माइल ने फिर एलिसा कैप्सी को भी पवेलियन की राह दिखाई। यहां से फिर ब्रंट और नाइट ने पारी को संभाला।

156 के कुल स्कोर पर ब्रंट भी आउट हो गईं। उनके आउट होने के बाद टीम के स्कोर में सिर्फ एक रन ही जुड़ा था कि नाइट भी पवेलियन लौट गईं। ये दोनों विकेट नोनकुलुलेकु मलाबा ने लिए। फ्रेया कैम्प एक और डानी गिब्सन छह रन बनाकर नाबाद रहीं।

साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजी फेल

फाइनल में जाने के लिए साउथ अफ्रीका को 170 रनों की जरूरत थी। कप्तान लॉरा वोलवार्ड्ट और तंजीम ब्रिट्स ने टीम को दमदार शुरुआत देने की कोशिश की। छठे ओवर की चौथी गेंद पर लिंसे स्मिथ ने साउथ अफ्रीकी कप्तान को आउट कर टीम को पहली सफलता दिलाई। यहां से फिर तंजीम ही लड़ाई लड़ सकीं। दूसरे छोर से उन्हें कोई साथ नहीं मिला। एनरी डर्कसेन (3), कैप (5), सुने लुस (11), नादिने डे क्लार्क (नाबाद 14) और चोले ट्रायन (12) कुछ खास नहीं कर सकीं। तंजीम ने 45 गेंदों की अपनी पारी में छह चौकों की मदद से 51 रन बनाए।

इंग्लैंड के लिए लॉरेन बेल और चार्ली डीन ने दो-दो विकेट लिए। लिंसे स्मिथ, सोफी एक्लस्टन और कैम्प के हिस्से एक-एक विकेट आए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com