शुरुआती मैचों में बुरी तरह से हराने वाली कोलकाता नाइट राइर्डस ने अब जीत के रास्ते पर वापसी कर ली है और ऐसी वापसी की है जिससे प्लेऑफ की जंग को रोचक बना दिया है। कोलकाता ने शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स को उसके ही घर में आठ विकेट से हरा दिया। कोलकाता की ये लगातार चौथी जीत है जिससे उसने अपने आप को आईपीएल-2026 के प्लेऑफ की रेस में बरकरार रखा है।
इस जीत के बाद अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली कोलकाता अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है। उसके 10 मैचों में चार जीत और पांच हार के बाद नौ अंक हैं। उसे शुरुआती सात मैचों में सिर्फ एक जीत मिली थी जबकि एक मैच बारिश के कारण रद हो गया था।
इस तरह बना सकती है प्लेऑफ में जगह
जहां तक कोलकाता के प्लेऑफ में जाने की बात है तो उसे इसके लिए अपने बचे बाकी चारों मैच जीतने होंगे। अगर वह चारों मैच जीत जाती है तो उसके 15 अंक हो जाएंगे। यहां उसे दूसरी टीमों के मैचों के परिणामों पर भी निर्भर रहना होगा और उम्मीद करनी होगी की 10 में से कम से कम उसे छोड़कर छह टीमें 15 अंक से नीचे लीग चरण का अंत करें। तभी वह प्लेऑप में जा सकती है।
जहां तक दिल्ली की बात है तो उसके लिए प्लेऑफ की राह लगभग खत्म है। उसके 11 मैचों में चार जीत और सात हार के बाद आठ अंक हैं। अब वह अपने सभी तीन मैच जीत भी लेती है तो उसके 14 अंक होंगे। मौजूदा स्थिति को देखते हुए चार टीमों का 14 अंकों से ज्यादा के साथ सीजन खत्म करना मुमकिन लग रहा है। ऐसे में दिल्ली को प्लेऑफ में जाने के लिए किसी चमत्कार की जरूरत ही होगी।
बाकी टीमों का ऐसा है हाल
बाकी टीमों की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद 11 मैचों में सात जीत और चार हार के बाद 14 अंक लेकर पहले नंबर पर है। उसके बाद पंजाब किंग्स है जिसके 10 मैचों में छह जीत और तीन हार के बाद 13 अंक हैं। इन दोनों का प्लेऑफ में जाना लगभग तय है। तीसरे नंबर पर आरसीबी है जिसके 10 मैचों में छह हार और चार जीत के बाद 12 अंक हैं। राजस्थान की भी यही स्थिति है, लेकिन उसका नेट रन रेट आरसीबी से खराब है इसलिए वो चौथे नंबर पर है। गुजरात टाइटंस का नेट रन रेट राजस्थान से भी खराब है और इसलिए वह समान अंक लेकर भी पांचवें नंबर पर है। दिल्ली और कोलकाता के लिए असली चुनौती यही तीन टीमें हैं।
पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स 10 मैचों में पांच जीत और पांच हार के बाद 10 अंक लेकर छठे स्थान पर है। मुंबई 10 मैचों में तीन जीत और सात हार के बाद छह अंक लेकर नौवें नंबर पर है। यही हाल लखनऊ का है, लेकिन उसका नेट रन रेट खराब है तो वह सबसे नीचे 10वें नंबर पर है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal