स्पिरिट एयरलाइंस पर गंभीर आरोप, टेक्सस हवाई अड्डे पर डिमेंशिया के मरीज को छोड़ा

अमेरिका की एयरलाइन Spirit Airlines पर एक डिमेंशिया पीड़ित बुजुर्ग यात्री को एयरपोर्ट पर असहाय छोड़ने का गंभीर आरोप लगा है। बुजुर्ग व्यक्ति बाद में रास्ता भटककर हाईवे पर पहुंच गए, जहां कई वाहनों की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। इस मामले में परिवार ने एयरलाइन के खिलाफ मुकदमा दायर किया है।

मृतक की पहचान 75 वर्षीय मार्कोस हम्बर्टो विंडेल ओसोरियो के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि एयरलाइन को पहले ही बताया गया था कि ओसोरियो डिमेंशिया से पीड़ित हैं और उन्हें यात्रा के दौरान विशेष सहायता की जरूरत होगी।

ओसोरियो होंडुरास के पाल्मेरोला इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अमेरिका अपने परिवार से मिलने के लिए रवाना हुए थे। उनका विमान टेक्सास के जॉर्ज बुश इंटरकॉन्टिनेंटल एयरपोर्ट पर उतरा, लेकिन वह एयरपोर्ट के आगमन क्षेत्र तक नहीं पहुंच सके, जहां उनके परिवार के लोग इंतजार कर रहे थे।

हाईवे पर मिला शव

परिवार ने जब काफी देर तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो पुलिस को सूचना दी। बाद में उसी रात एयरपोर्ट से करीब आठ मिनट की दूरी पर एक सड़क पर उनका शव मिला। रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें कई वाहनों ने टक्कर मारी थी।

परिवार की ओर से दायर मुकदमे में कहा गया है कि एयरलाइन ने वादा किए गए सहयोग की व्यवस्था नहीं की और एक डिमेंशिया पीड़ित बुजुर्ग को अकेले अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बाहर निकलने के लिए छोड़ दिया। परिवार का कहना है कि यही उनकी मौत की सीधी वजह बनी।

परिवार ने मांगा मुआवजा

मुकदमे में कहा गया है कि ओसोरियो को हल्का डिमेंशिया था, जो तनाव की स्थिति में और बढ़ जाता था। इसी कारण उन्हें अनजान जगहों पर अकेले यात्रा करने में सहायता और निगरानी की जरूरत थी।

अमेरिका में एयर कैरियर एक्सेस एक्ट के तहत एयरलाइंस के लिए दिव्यांग या मानसिक बीमारी से पीड़ित यात्रियों को सहायता देना अनिवार्य है। इसमें गेट तक पहुंचाने, विमान में चढ़ाने और उतरने तक की मदद शामिल है।

अब ओसोरियो का परिवार मानसिक पीड़ा, साथ खोने, अंतिम संस्कार के खर्च और अन्य नुकसान के लिए मुआवजे की मांग कर रहा है। मामले की प्रारंभिक सुनवाई 17 जुलाई को निर्धारित की गई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com