बाजार में मिलने वाले केमिकल बेस्ड कोल्ड ड्रिंक्स भले ही कुछ देर के लिए गर्मी से राहत दे दें, लेकिन ये हमारी सेहत को नुकसान ही पहुंचाते हैं। अगर आप इस भयंकर गर्मी में कुछ प्राकृतिक, स्वादिष्ट और सेहतमंद ढूंढ रहे हैं, तो ‘खस का शरबत’ आपके लिए एकदम सही ड्रिंक है।
दरअसल, खस की तासीर बेहद ठंडी मानी जाती है। इसका शरबत न सिर्फ आपकी तुरंत प्यास बुझाता है, बल्कि पेट और शरीर की अंदरूनी गर्मी को भी एकदम शांत कर देता है। आइए जानते हैं घर पर ही एकदम शुद्ध और बाजार से भी अच्छा खस का शरबत बनाने का सबसे आसान तरीका।
खस का सिरप बनाने के लिए जरूरी सामग्री
खस की जड़ें: 50 ग्राम (यह किसी भी पंसारी या आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों की दुकान पर आसानी से मिल जाती है)
चीनी: 2 कप
पानी: 4 कप (उबालने के लिए)
नींबू का रस: 1 से 2 चम्मच (इससे शरबत लंबे समय तक खराब नहीं होता)
हरा फूड कलर: 2-3 बूंदें (पूरी तरह से ऑप्शन – अगर आपको बिल्कुल बाजार जैसा हरा रंग चाहिए)
बर्फ के टुकड़े: सर्व करने के लिए
खस का शरबत बनाने की आसान विधि
सबसे पहले खस की जड़ों को बहते पानी के नीचे अच्छी तरह धो लें ताकि उसकी सारी मिट्टी और धूल निकल जाए। इसके बाद, एक बर्तन में साफ पानी लें और खस की जड़ों को उसमें रात भर (या कम से कम 8-10 घंटे) के लिए भिगो कर रख दें।
अगले दिन सुबह, खस की जड़ों को उसी पानी के साथ एक भारी तले वाले बर्तन में गैस पर रखें। इसे मध्यम आंच पर 15 से 20 मिनट तक अच्छी तरह उबलने दें। ऐसा करने से खस की सारी ठंडक, खुशबू और अर्क उस पानी में आ जाएगा। इसके बाद गैस बंद कर दें और पानी को छानकर जड़ों को अलग कर लें।
अब एक दूसरे बर्तन में 2 कप चीनी और थोड़ा सा पानी डालकर गैस पर रखें। इसे तब तक पकाएं जब तक कि चीनी पूरी तरह से घुल न जाए और एक हल्की गाढ़ी चाशनी तैयार न हो जाए।
जब चाशनी तैयार हो जाए, तो उसमें छाना हुआ खस का पानी मिला दें। इसे 2-3 मिनट तक और पकने दें ताकि सब कुछ अच्छे से मिल जाए। गैस बंद करें और इसे पूरी तरह ठंडा होने दें।
मिश्रण ठंडा होने के बाद, इसमें एक या दो चम्मच नींबू का रस मिला दें। नींबू इसके स्वाद को तो बढ़ाएगा ही, साथ ही सिरप को जमने और खराब होने से भी रोकेगा। अगर आप बाजार जैसा लुक चाहते हैं, तो इसमें 2-3 बूंद हरा फूड कलर मिला सकते हैं।
आपका घर पर बना शुद्ध और गाढ़ा खस का सिरप बिल्कुल तैयार है। इसे एक साफ कांच की बोतल में भरकर फ्रिज में रख लें। यह महीनों तक खराब नहीं होता।
जब भी चिलचिलाती धूप से कोई घर आए या आपका कुछ ठंडा पीने का मन हो, तो एक गिलास में 2 से 3 चम्मच खस का सिरप डालें, ऊपर से बर्फ के कुछ टुकड़े और ठंडा पानी मिलाएं। चम्मच से अच्छी तरह घोलें और इस ठंडे-ठंडे शरबत का आनंद लें।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal