आईपीएल के 19वें सीजन में जीत का छक्का लगाने वाली पंजाब किंग्स की टीम अब हार की हैट्रिक लगा चुकी है। मौजूदा सीजन के 49वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने पंजाब किंग्स को 33 रन से मात दी। इस जीत के साथ हैदराबाद की टीम ने इस टूर्नामेंट में अपनी सातवीं जीत हासिल की और अंक तालिका में पहले पायदान पर चली गई। मैच में टॉस जीतकर पंजाब की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था, जो गलत साबित हुआ।
पहले बैटिंग करते हुए एसआरएच की टीम ने 235 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में पीबीकेएस की बैटिंग यूनिट उम्मीद अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाई। टीम के लिए इस रन चेज में कूपर कोनोली ने सबसे ज्यादा 107 रनों की पारी खेली, लेकिन इस पारी के बावजूद टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 202 रन ही बना सकी और ये मैच हैदराबाद ने 33 रन से जीत लिया।
कप्तान पैट कमिंस को मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया। उन्होंने कमाल के कुछ कैच पकड़े और टीम के लिए शानदार गेंदबाजी की। दो विकेट उनको मिले। प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिलने के बाद उन्होंने कूपर कोनोली की खूब तारीफ की।
Pat Cummins ने मैच जीतने के बाद क्या कहा?
दरअसल, पंजाब किंग्स को हराने के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस से जब पूछा गया कि आपका सबसे सुखद पहलू क्या रहा?
तो उन्होंने कहा कि कई चीजें हैं। मुझे लगता है कि पंजाब एक बहुत अच्छी टीम है, इस मैच से पहले वे नंबर वन पर थे। मुझे लगा कि हमारे बल्लेबाजों ने जो स्कोर बनाया वह शानदार था। उसके बाद मैच को खत्म करना, चाहे स्कोर कुछ भी हो, ऐसी टीम के खिलाफ दूसरी पारी में गेंदबाजी करना हमेशा मुश्किल होता है, लेकिन मुझे लगा कि हमने काफी सलीके से खेल दिखाया।
इसके बाद जब उनसे ये पूछा गया कि पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छा करने का राज क्या है, तो उन्होंने कहा,
“मुझे लगता है कि हम अपनी गति से खेलने में काफी अच्छे हैं। हम रूढ़िवादी तरीके से शुरुआत करने की कोशिश नहीं करते। यह वास्तव में अभिषेक या ट्रेविस का स्टाइल नहीं है। इसलिए हमारी कोशिश बस ज्यादा से ज्यादा रन बटोरने की होती है, हम किसी खास टोटल के बारे में नहीं सोचते। और फिर पारी में बाद में, अगर स्थिति बदलती है, तो हम तालमेल बिठाने में काफी अच्छे हैं।”
शाम के मैचों में घरेलू मैदान का फायदा उठाना?
पैट कमिंस ने बताया कि हम दिन के मैचों में उतने अच्छे नहीं हैं। हमने पिछले कुछ सालों में यहां बहुत अच्छी क्रिकेट खेली है। मुझे लगता है कि यह मैदान हमारी शैली के अनुकूल है। आज रात भी गेंद थोड़ा ग्रिप हो रही थी, जो अंत में हमारे कई गेंदबाजों के लिए मददगार साबित होती है। हमें ऐसा महसूस होता है कि खेल के बीच में पिच चाहे जो भी करवट ले, हमने इसे पहले देखा है और हम खुद को ढाल सकते हैं।
उनसे ये पूछा गया कि दिन के मैच में संघर्ष क्यों तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि ट्रेविस आमतौर पर उस समय सो रहे होते हैं जब उनके बच्चे यहां नहीं होते, तो शायद यही वजह है।
कमिंस ने अपनी गेंदबाजी पर क्या कहा?
एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस ने अपनी गेंदबाजी पर कहा,
“हां, मैं अपनी गेंदबाजी से खुश हूं। मुझे अभी भी नहीं पता कि मुझे ये अवॉर्ड (प्लेयर ऑफ द मैच) कैसे मिल गया, लेकिन मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। मैं तरोताजा होकर आया हूँ और मेरी तैयारी अच्छी थी। पावरप्ले में किसी भी टीम के लिए ज्यादा कुछ काम नहीं आया है, इसलिए आज हमने थोड़ा और सक्रिय होने की कोशिश की। हमारे पास अपनी योजनाएं थीं, लेकिन ज्यादा विकल्प नहीं थे, इसलिए मैंने बाउंसर डालने की कोशिश की और सौभाग्य से आज रात वह काम कर गई।”
कूपर कोनोली के लिए खोला दिल
कमिंस ने कहा कि उन्हें खुशी हुई और ये एक अच्छा नतीजा है। ऑस्ट्रेलिाई खिलाड़ियों को अच्छा परफॉर्म करते देख उन्हें अच्छा लगता है। कूपर कोनोली को लेकर उन्होंने कहा कि वो उनके लिए इस सीजन बल्ले से स्टार रहे हैं। फिलहाल गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं, लेकिन फिर भी एक बल्लेबाज के रूप में अपनी अहमियत दिखा रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए अच्छा समय है।
क्या ये SRH का सीजन हो सकता है?
पैट कमिंस ने कहा कि उन्हें ऐसी उम्मीद है कि अभी थोड़ा समय बाकी है, तो वो कुछ समय तक नंबर वन पर रहने का आनंद लेंगे। फिर थोड़ा सफर और तय करना है, लेकिन नंबर वन होने के अलावा वह और कहीं नहीं होना चाहते और वह खुश है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal