विराट कोहली और पडिक्कल नहीं, इन 3 ओवरों ने गुजरात को हराया मैच

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने शुक्रवार को अपने घर एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में गुजरात टाइटंस को हरा दिया। आरसीबी की इस जीत के हीरो विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल और क्रुणाल पांड्या रहे, लेकिन अगर देखा जाए तो गुजरात की टीम तीन ओवरों में चूक के कारण मैच हारी है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने साई सुदर्शन के 100 रनों के दम पर 20 ओवरों में तीन विकेट खोकर 205 रन बनाए। इस स्कोर को बेंगलुरू की टीम ने सात गेंद पहले पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।

तीन ओवरों ने बिगाड़ा खेल

आरसीबी ने इस मैच में टॉस जीता था और गुजरात को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था। गिल और सुदर्शन ने टीम को शानदार शुरुआत दी थी। सुदर्शन के शतक ने गुजरात के लिए बड़े स्कोर की नींव रख दी थी, लेकिन आखिरी के तीन ओवरों में आरसीबी ने वापसी की और गुजरात को वहां जाने से रोका जहां वह आसानी से जाती दिख रही थी। ये टीम आसानी से 225-230 के करीब जा रही थी जो 205 रनों पर रुक गई।

सुयश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने आखिरी के तीन ओवरों में गुजरात को ज्यादा रन नहीं बनाने दिए और इसी के चलते टीम उस स्कोर पर नहीं जा सकी जहां जा सकती थी। 16 ओवरों के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 170 रन था। वॉशिंगटन सुंदर और जोस बटलर क्रीज पर थे। यहां से गुजरात के पास विकेट भी थे और तूफानी रफ्तार में रन बनाने वाले बल्लेबाज भी। वह चार ओवरों में आसानी से 40-50 रन बना सकती थी जो बना नहीं पाई।

नहीं दिए रन

17वां ओवर फेंकने आए सुयश ने सिर्फ चार रन खर्च किए। 18वें ओवर में भुवनेश्वर ने सिर्फ पांच रन ही दिए। 19वें ओवर में हेजलवुड ने आठ रन दिए। यानी तीन ओवरों में आए 17 रन। ये रन आसानी से 30-35 हो सकते थे जो हुए नहीं और यहीं गुजरात मात खा गई। अंत में आरसीबी के लिए क्रुणाल पांड्या ने 12 गेंदों पर 23 रनों की पारी खेल टीम को जीत दिलाने का काम किया। आरसीबी के लिए विराट कोहली ने 44 गेंदों पर आठ चौके और चार छक्कों की मदद से 81 रनों की पारी खेली। पडिक्कल ने 27 गेंदों पर दो चौके और छह छक्के मारे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com